बारुईपुर बलात्कार-हत्या मामले में दो लोग गिरफ्तार, तीन अन्य हिरासत में; निषेधाज्ञा लागू
बारुईपुर बलात्कार-हत्या मामले में दो लोग गिरफ्तार, तीन अन्य हिरासत में; निषेधाज्ञा लागू
कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में 11 साल की लड़की के साथ कथित सामूहिक बलात्कार और उसकी हत्या की जांच के सिलसिले में पुलिस ने सोमवार को एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया तथा तीन अन्य को हिरासत में लिया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले में जांच के लिए छह-सदस्यीय विशेष जांच दल (एआईटी) का गठन किया गया है।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक व्यक्ति को बीती रात गिरफ्तार किया गया था और दूसरे को आज सुबह गिरफ्तार किया गया। इनके अलावा हमने तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। हमारे अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं।’’
सुर्यापुर हाट इलाके में एक बोरी में पीड़िता का शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। उन्होंने बारुईपुर-जयनगर रोड जाम कर दिया, टायर जलाए और पुलिस की कुछ गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग भी की।
शव मिलने के कुछ घंटों बाद गुस्साई भीड़ ने लड़की की मौत में शामिल होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस बीच, अपराध को लेकर फैले तनाव के कारण कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर, नरेंद्रपुर और सोनारपुर इलाकों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हालात काबू में हैं, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर निषेधाज्ञा लागू की गई है। प्रभावित इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।’’
अधिकारी ने कहा, ‘‘हम लोगों से अपील करते हैं कि वे अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और प्रशासन का सहयोग करें। शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा सुरभि सुरेश
सुरेश

Facebook


