जयपुर, दो जून (भाषा) राजस्थान के बाड़मेर जिले में सोमवार देर रात आई तेज धूलभरी आंधी और बारिश ने भारी नुकसान पहुंचाया। इस दौरान दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। आंधी से घरों को नुकसान पहुंचा और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
पुलिस के मुताबिक, बोला ग्राम पंचायत के साबरी नगर गांव में टिन शेड वाले एक कमरे की दीवार गिरने से आठ वर्षीय खगेन्द्र मलबे में दब गया। ग्रामीण उसे तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि इसी गांव में आंधी के दौरान एक कच्चे मकान की दीवार ढहने से चार वर्षीय खुमनाराम की भी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आंधी का असर चौहटन, रामसर, गडरारोड और सीमावर्ती गांवों में भी देखने को मिला और कई पेड़ एवं बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही। सड़कों पर पेड़ और खंभे गिरने से यातायात भी प्रभावित हुआ।
भाषा बाकोलिया मनीषा रंजन
रंजन