दिल्ली में विवाह संबंधी वेबसाइट से ठगी करने के मामले में आइवरी कोस्ट के नागरिक समेत दो गिरफ्तार

दिल्ली में विवाह संबंधी वेबसाइट से ठगी करने के मामले में आइवरी कोस्ट के नागरिक समेत दो गिरफ्तार

दिल्ली में विवाह संबंधी वेबसाइट से ठगी करने के मामले में आइवरी कोस्ट के नागरिक समेत दो गिरफ्तार
Modified Date: June 23, 2026 / 07:47 pm IST
Published Date: June 23, 2026 7:47 pm IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने विवाह संबंधी वेबसाइटों के माध्यम से महिलाओं को ठगने के आरोप में एक विदेशी नागरिक और नगालैंड की उसकी ‘लिव-इन पार्टनर’ को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने मंगलवार यह जानकारी दी।

उनके मुताबिक, विदेशी नागरिक आइवरी कोस्ट का निवासी कौआडियो विक्टर (36) है, जो अवैध रूप से भारत में रह रहा है, जबकि अन्य आरोपी नगालैंड की रहने वाली अनेई कोन्याक (30) है। उन्हें उत्तम नगर में होली चौक के पास हस्तसाल विहार में एक किराए के आवास से पकड़ा गया।

पुलिस ने कहा कि दोनों ने विवाह संबंधी मंचों के माध्यम से कथित तौर पर महिलाओं को निशाना बनाया, उन्हें फर्जी रिश्तों में फंसाया और शादी का झूठा वादा करके उनसे पैसे ठगे।

जांचकर्ताओं ने कहा कि आरोपियों ने पैसे हासिल करने और उसे ठिकाने लगाने के लिए कई बैंक खातों और डेबिट कार्ड का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि शक से बचने के लिए कथित तौर पर कोन्याक को अलग-अलग एटीएम से नकदी निकालने का काम सौंपा गया था, क्योंकि उन्हें लगता था कि किसी विदेशी नागरिक की तुलना में उस पर लोगों का ध्यान कम जाएगा।

पुलिस ने बताया कि ये गिरफ्तारियां द्वारका जिले के मादक पदार्थ निरोधी प्रकोष्ठ द्वारा क्षेत्र में सक्रिय साइबर जालसाज़ों पर नज़र रखने के लिए शुरू किए गए विशेष अभियान के दौरान की गईं।

विशिष्ट जानकारी और निरंतर निगरानी पर कार्रवाई करते हुए, पुलिस ने पाया कि विदेशी नागरिकों का एक समूह साइबर धोखाधड़ी में शामिल है और पैसे हासिल करने और उसे निकालने के लिए ‘म्यूल’ बैंक खातों का इस्तेमाल कर रहा है।

‘म्यूल’ खाते ऐसे बैंक खाते होते हैं, जिनका उपयोग अपराधी या साइबर ठग अवैध रूप से अर्जित धन को छिपाने और उसे एक जगह से दूसरी जगह अंतरित करने के लिए करते हैं।

इसके बाद पुलिस ने उत्तम नगर स्थित परिसर पर छापा मारा और दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान, पुलिस ने उनके कब्जे से ‘म्यूल’ खातों से जुड़े चार डेबिट कार्ड, एक लैपटॉप, पांच मोबाइल फोन और एक पासपोर्ट बरामद किया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, डेबिट कार्डों के सत्यापन से पता चला कि उनका संबंध असम के डिब्रूगढ़ जिले के चबुआ थाने में दर्ज साइबर धोखाधड़ी की शिकायत से है।

आरोपियों के मोबाइल फोन के विश्लेषण से जांचकर्ताओं को एक अन्य साइबर ठगी की शिकायत से जुड़े कई बैंक खातों के विवरण मिले।

उत्तम नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता और आव्रजन व विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने कहा कि साइबर धोखाधड़ी गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में