सूरत में 4.54 लाख रुपये के गांजा के साथ दो नाबालिग गिरफ्तार
सूरत में 4.54 लाख रुपये के गांजा के साथ दो नाबालिग गिरफ्तार
सूरत, 22 मार्च (भाषा) गुजरात के सूरत में 17 वर्षीय दो लड़कों के पास से 4.54 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद करके उन्हें हिरासत में लिया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने शनिवार को एक गुप्त सूचना के आधार पर बिहार से आए दोनों आरोपियों को उधना भाथेना इलाके में एल एन पार्क सोसाइटी के पास उस समय रोका जब वे एम-4 बाजार की ओर जा रहे थे।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों के पास से 9.08 किलोग्राम मादक पदार्थ बरामद किया गया।
उधना पुलिस थाने के निरीक्षक एस एन देसाई ने बताया कि 4.54 लाख रुपये मूल्य के इस प्रतिबंधित सामान के अलावा, पुलिस ने नाबालिगों से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
उन्होंने बताया कि स्वापक औषधि एवं मन: प्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा तान्या संतोष
संतोष

Facebook


