झारखंड में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, छह घायल
झारखंड में अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत, छह घायल
रांची, 26 अप्रैल (भाषा) झारखंड के गुमला और लातेहार जिलों में रविवार को अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई जबकि छह अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
गुमला जिले में कुरकुरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बेतारकेरा मोड़ के पास चार पहिया वाले एक वाहन के पलटने से दो लोगों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतकों की पहचान खूंटी जिले के घुरतानी भंडा टोली निवासी शाहिल बेंगरा (20) और चंदर महतो (55) के रूप में की गई है।
कुरकुरा थाने के प्रभारी संजय मुंडा ने कहा, ‘‘दुर्घटना में घायल लोगों को कामदारा के एक अस्पताल में ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को गुमला रेफर कर दिया गया।’’
पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार के कारण चालक के वाहन पर से नियंत्रण खो देने के कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि पीड़ित एक शादी में शामिल होने के बाद घर लौट रहे थे।
लातेहार जिले में एक अलग घटना में, चंदवा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोरसिदाग गांव के पास एक वाहन के खाई में गिरने और पलट जाने से चार महिलाएं और एक चालक घायल हो गया।
चंदवा पुलिस थाने के उपनिरीक्षक अजित कुमार ने बताया कि चार लोगों का इलाज चंदवा के एक सरकारी अस्पताल में चल रहा है, जबकि एक को रांची के रिम्स अस्पताल में रेफर किया गया है।
भाषा रवि कांत रवि कांत नरेश
नरेश

Facebook


