दिल्ली के द्वारका में दो वांछित अपराधी गिरफ्तार

दिल्ली के द्वारका में दो वांछित अपराधी गिरफ्तार

दिल्ली के द्वारका में दो वांछित अपराधी गिरफ्तार
Modified Date: April 17, 2026 / 03:15 pm IST
Published Date: April 17, 2026 3:15 pm IST

नयी दिल्ली, 17 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के द्वारका में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित दो आदतन अपराधियों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि आरोपी जतिन शर्मा (27) और पवन भंडारी (26) विक्की टक्कर गिरोह से कथित रूप से जुड़े हुए हैं और आठ अप्रैल को डाबरी इलाके में एक व्यक्ति को चाकू से वार कर गंभीर रूप से जख्मी करने की वारदात में शामिल थे।

द्वारका के पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह (डीसीपी) ने कहा कि पीड़ित के बयान के बाद मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान शर्मा और भंडारी की मुख्य आरोपी के रूप में पहचान हुई। पीड़ित ने बाद में पुलिस को बताया कि दोनों ने उसे धमकी दी थी कि अगर उसे इलाके में दुकान चलानी है तो उसे आरोपियों को पैसे देने होंगे।

पुलिस ने बताया कि एक गुप्त सूचना के आधार पर, एक टीम ने बृहस्पतिवार देर रात धुलसिरास चौक के पास जाल बिछाया और आरोपियों को देर रात 2.10 बजे उस समय रोक लिया, जब वे नजफगढ़ की तरफ से स्कूटर पर आ रहे थे।

अधिकारी ने बताया, ‘जब शर्मा को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा गया, तो उसने पुलिस टीम पर कथित तौर पर गोली चलाई और एक गोली कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी जिससे वह बाल-बाल बच गया।’

उन्होंने बताया कि इसके जवाब में कांस्टेबल ने आत्मरक्षा में दो गोलियां चलाईं और एक गोली शर्मा के पैर में लगी। बाद में, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके पास से एक पिस्तौल, एक देसी कट्टा, कारतूस और कारतूस के खाली खोखे और एक चोरी का स्कूटर बरामद किया।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में