केंद्रीय मंत्री शाह ने ‘पीएम-फैमिली केयर ट्रैकर’ प्रायोगिक परियोजना शुरू की

केंद्रीय मंत्री शाह ने ‘पीएम-फैमिली केयर ट्रैकर’ प्रायोगिक परियोजना शुरू की

केंद्रीय मंत्री शाह ने ‘पीएम-फैमिली केयर ट्रैकर’ प्रायोगिक परियोजना शुरू की
Modified Date: June 28, 2026 / 09:51 pm IST
Published Date: June 28, 2026 9:51 pm IST

गांधीनगर, 28 जून (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को यहां ‘पीएम-फैमिली केयर ट्रैकर’ (पीएम-एफसीटी) की प्रायोगिक परियोजना शुरू की, और कहा कि यह एकीकृत डिजिटल मंच यह सुनिश्चित करेगा कि महिलाओं और बच्चों से जुड़ी केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का कोई भी लाभार्थी छूट न जाए।

उन्होंने कहा कि यह डिजिटल मंच यह सुनिश्चित करेगा कि गर्भवती महिलाओं, माताओं और बच्चों को लगातार निगरानी और समय पर मदद के जरिए सरकार की सभी जरूरी सुविधाएं मिलें।

इस मौके पर एक सभा को संबोधित करते हुए, गांधीनगर के लोकसभा सदस्य ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के कल्याणकारी मॉडल का अगला कदम है। उन्होंने दावा किया कि इस मॉडल ने 2014 के बाद से सेवा वितरण में बदलाव किया है और यह सुनिश्चित किया है कि लाभ सीधे सही लाभार्थियों तक पहुंचे।

शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में 70 करोड़ गरीब लोगों का जीवन बेहतर बनाने के लिए उन्हें घर, बिजली, शौचालय, नल से जल, एलपीजी कनेक्शन, मुफ्त अनाज, पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और सस्ती दवाएं उपलब्ध कराई हैं।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ‘पीएम-फैमिली केयर ट्रैकर’ इन कल्याणकारी उपायों को और आगे बढ़ाएगा, साथ ही यह सुनिश्चित करेगा कि प्रशासनिक कमियों के कारण कोई भी पात्र बच्चा या मां सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘पीएम-फैमिली केयर ट्रैकर’ को गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के लिए एक एकीकृत डिजिटल मंच के तौर पर विकसित किया गया है। इसे आईसीडीएस, प्रजनन और बाल स्वास्थ्य (आरसीएच), पोषण अभियान और स्कूल स्वास्थ्य कार्यक्रम जैसी मौजूदा व्यवस्था से आंकड़ों को एक साथ लाकर बनाया गया है।

शाह ने कहा कि यह डिजिटल मंच स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सामाजिक कल्याण विभागों की लगभग 16 कल्याणकारी योजनाओं को एक साथ लाकर, लाभार्थियों की गर्भावस्था से लेकर 18 साल की उम्र तक उनके स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा की निगरानी रखेगा।

भाषा

शफीक नरेश

नरेश


लेखक के बारे में