यूपी बोर्ड परिणाम : हाईस्कूल में 90.42 प्रतिशत, इंटरमीडिएट में 80.38 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण

यूपी बोर्ड परिणाम : हाईस्कूल में 90.42 प्रतिशत, इंटरमीडिएट में 80.38 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण

यूपी बोर्ड परिणाम : हाईस्कूल में 90.42 प्रतिशत, इंटरमीडिएट में 80.38 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण
Modified Date: April 23, 2026 / 06:15 pm IST
Published Date: April 23, 2026 6:15 pm IST

प्रयागराज, 23 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने 10वीं कक्षा (हाईस्कूल) और 12वीं कक्षा (इंटरमीडिएट) की परीक्षाओं के परिणाम बृहस्पतिवार को जारी किए जिसमें छात्राओं ने दोनों में ही शीर्ष तीन स्थान हासिल किए।

शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) महेंद्र देव ने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में कुल 90.42 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षा में 80.38 प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए।

उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में 26,01,381 परीक्षार्थी शामिल हुए थे जिसमें से 23,52,181 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। इस परीक्षा में जहां 87.30 प्रतिशत बालक उत्तीर्ण हुए, वहीं 93.76 प्रतिशत बालिकाएं उत्तीर्ण हुईं।

देव ने बताया कि इसी तरह, इंटरमीडिएट की परीक्षा में कुल 24,86,072 परीक्षार्थी शामिल हुए जिसमें से 19,98,317 परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए। इस परीक्षा में जहां 75.04 प्रतिशत बालक उत्तीर्ण हुए, वहीं 86.32 प्रतिशत बालिकाएं उत्तीर्ण घोषित की गईं।

शिक्षा निदेशक ने बताया कि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च, 2026 तक संपन्न हुईं। कुल 8,033 परीक्षा केंद्रों पर 15 कार्यदिवसों में ये परीक्षाएं सफलतापूर्वक संपन्न कराई गईं। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से चार अप्रैल तक 254 मूल्यांकन केंद्रों पर किया गया।

देव ने यहां संवाददाताओं को बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में प्रथम स्थान सीतापुर की कशिश वर्मा और बाराबंकी की अंशिका वर्मा ने हासिल किया और दोनों ने ही 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं, बाराबंकी की अदिति 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरे स्थान पर रहीं।

उन्होंने बताया कि हाईस्कूल की परीक्षा में सीतापुर की अर्पिता, झांसी के ऋषभ साहू और बाराबंकी की परी वर्मा ने 97.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।

देव ने बताया कि इसी तरह, इंटरमीडिएट की परीक्षा में सीतापुर की शिखा वर्मा ने 97.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि बरेली की नंदिनी गुप्ता व बाराबंकी की श्रिया वर्मा ने 97.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, बरेली की सुरभि यादव और बाराबंकी की पूजा पाल ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।

भाषा

राजेंद्र रवि कांत


लेखक के बारे में