केरल में अमेरिकी हेल्थकेयर कंपनी ने 900 कर्मचारियों की छंटनी की, सरकार ने किया हस्तक्षेप

केरल में अमेरिकी हेल्थकेयर कंपनी ने 900 कर्मचारियों की छंटनी की, सरकार ने किया हस्तक्षेप

केरल में अमेरिकी हेल्थकेयर कंपनी ने 900 कर्मचारियों की छंटनी की, सरकार ने किया हस्तक्षेप
Modified Date: July 3, 2026 / 05:26 pm IST
Published Date: July 3, 2026 5:26 pm IST

कोच्चि, तीन जुलाई (भाषा) अमेरिका की एक स्वास्थ्य सेवा विश्लेषण कंपनी के भारतीय कामकाज से जुड़े लगभग 900 मेडिकल कोडिंग पेशेवरों को शुक्रवार सुबह ड्यूटी पर पहुंचने पर अचानक नौकरी से निकाल दिया गया। इस घटना से व्यापक आक्रोश फैलने के बीच केरल सरकार को तत्काल हस्तक्षेप करना पड़ा।

कोच्चि और कोझिकोड में कंपनी के दफ्तरों में काम करने वाले प्रभावित कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना या अनुबंध के तहत तय नोटिस अवधि का पालन किए बिना ही नौकरी से निकाल दिया गया।

नौकरी से निकाले गए कर्मचारियों के कंपनी परिसर के बाहर विरोध-प्रदर्शन के बाद, स्थानीय कांग्रेस विधायक उमा थॉमस ने प्रबंधन के फैसले को चुनौती देने के लिए हस्तक्षेप किया।

केरल के श्रम विभाग ने इस विवाद में हस्तक्षेप किया और बड़े पैमाने पर की गई छंटनी की वैधता की जांच करने तथा मामले का तत्काल समाधान निकालने की प्रक्रिया शुरू की।

कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन के बाद त्रिक्काकरा से विधायक उमा थॉमस कंपनी के कार्यालय पहुंचीं और उन्होंने श्रम मंत्री बिंदु कृष्णा से संपर्क किया।

थॉमस ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने कोच्चि में कंपनी के प्रतिनिधियों से बातचीत की और चिंता जताई कि इस तरह की अचानक की गई छंटनी कर्मचारियों के जीवन पर गंभीर प्रभाव डालेगी। थॉमस ने कहा, ‘‘वे इस मामले पर बातचीत करने और श्रम अधिकारी के निर्देशों के अनुसार मुआवज़ा देने के लिए सहमत हो गए हैं।’’

विधायक ने कहा कि प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि कर्मचारी अपनी नौकरी पर बने रहें। उन्होंने कहा, ‘‘श्रम विभाग ने दखल दिया है। श्रम सचिव छह जुलाई को आएंगे और बातचीत करेंगे।’’

अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने कोच्चि में कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत की और नौकरी से निकालने की प्रक्रिया को फिलहाल रोकने का फैसला किया।

श्रम विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, कंपनी ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि नौकरी से निकालने के बारे में कोई भी फ़ैसला श्रम सचिव की प्रबंधन के साथ बैठक के बाद ही लिया जाएगा।

कंपनी के अधिकारियों ने इस मामले पर मीडिया के सवालों का कोई जवाब नहीं दिया।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में