स्कूल ग्रीष्मकालीन अवकाश का उपयोग मरम्मत और रखरखाव कार्यों के लिए करेंः एमसीडी
स्कूल ग्रीष्मकालीन अवकाश का उपयोग मरम्मत और रखरखाव कार्यों के लिए करेंः एमसीडी
नयी दिल्ली, 16 मई (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने अपने स्कूलों के प्रधानाचार्यों और अधिकारियों को ग्रीष्मकालीन अवकाशों का उपयोग रखरखाव संबंधी कार्यों के लिए करने का निर्देश दिया है, ताकि नया शैक्षणिक सत्र शुरू होने से पहले स्कूल भवन सुरक्षित, स्वच्छ और पूरी तरह कार्यशील रहें। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
नगर निगम ने कहा कि छुट्टियों की अवधि का उपयोग मरम्मत संबंधी कार्यों के लिए किया जाना चाहिए ताकि स्कूलों के दोबारा खुलने पर शैक्षणिक गतिविधियों में कोई बाधा न आए।
ग्यारह मई को जारी एक परिपत्र में स्कूल प्रमुखों से तत्काल रखरखाव की आवश्यकताओं को चिन्हित करने के लिए कहा गया है, जिसमें इमारत की मरम्मत, सफेदी और रंगाई-पुताई, शौचालयों और पेयजल सुविधाओं की मरम्मत, विद्युत व्यवस्था की मरम्मत के साथ ही खेल के मैदानों का रखरखाव और समग्र परिसर की स्वच्छता शामिल है।
इसमें कहा गया है कि संबंधित इंजीनियर को स्कूल प्रमुखों के समन्वय से सभी स्कूल भवनों का निरीक्षण करने और प्राथमिकता के आधार पर खर्च का अनुमान तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
भाषा
शुभम पवनेश
पवनेश

Facebook


