उत्तराखंड : ऋषिकेश में अवैध कैसीनो पर छापेमारी, 10 महिलाओं समेत 40 लोग गिरफ्तार

उत्तराखंड : ऋषिकेश में अवैध कैसीनो पर छापेमारी, 10 महिलाओं समेत 40 लोग गिरफ्तार

उत्तराखंड : ऋषिकेश में अवैध कैसीनो पर छापेमारी, 10 महिलाओं समेत 40 लोग गिरफ्तार
Modified Date: March 28, 2026 / 07:37 pm IST
Published Date: March 28, 2026 7:37 pm IST

ऋषिकेश, 28 मार्च (भाषा) उत्तराखंड के ऋषिकेश में स्थित आईडीपीएल क्षेत्र में पुलिस ने एक होटल में चल रहे अवैध कैसीनो पर छापेमारी कर 10 महिलाओं सहित 40 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल के नेतृत्व में शुक्रवार रात आईडीपीएल सिटी गेट के पास स्थित नवरंग होटल में यह कार्रवाई की गई। मुखबिर की सूचना पर हुई छापेमारी के दौरान वहां मौजूद 30 पुरुषों और 10 महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने मौके से 1.35 लाख रुपये नकद, 3,356 कैसीनो क्वाइन, ताश की 26 गड्डियां और विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलें बरामद की हैं। होटल को सील कर दिया गया है और सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम की धारा 3/4/5 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60/68 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गिरफ्तार किए गए लोगों में से नौ दिल्ली के निवासी हैं, जिनमें सात महिलाएं शामिल हैं। जबकि अधिकांश आरोपी ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

इस मामले में लापरवाही बरतने पर सख्त कार्रवाई करते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेन्द्र सिंह डोभाल ने आईडीपीएल चौकी प्रभारी विनय शर्मा सहित कुल 12 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

एसएसपी ने बताया कि अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही इस मामले में विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा

सं, दीप्ति रवि कांत


लेखक के बारे में