उत्तराखंड : देहरादून में फुटपाथ पर चढ़ी सिटी बस, पांच मजदूर घायल
उत्तराखंड : देहरादून में फुटपाथ पर चढ़ी सिटी बस, पांच मजदूर घायल
देहरादून, 23 जून (भाषा) देहरादून के पटेल नगर क्षेत्र में मंगलवार को एक सिटी बस के सड़क के किनारे फुटपाथ पर चढ़ जाने से उसकी चपेट में आए पांच मजदूर घायल हो गए । पुलिस ने यह जानकारी दी ।
पुलिस के मुताबिक, घटना लाल पुल के पास सुबह करीब 11 बजे हुई जब आईएसबीटी की ओर से आ रही सिटी बस अनियंत्रित हो गयी और उसने सड़क किनारे फुटपाथ पर बैठे मजदूरों को टक्कर मार दी जिससे वे घायल हो गए ।
शुरूआती जांच से खुलासा हुआ है कि अचानक कोई दौरा पड़ने या चक्कर आने के कारण चालक अपने वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और यह हादसा हो गया ।
पटेल नगर पुलिस थाने के प्रभारी विनोद गुसाईं ने ‘पीटीआई भाषा’ को बताया, ‘‘ पूछताछ के दौरान, चालक ने दावा किया कि उसे चक्कर आ गया था जिसके कारण वाहन फुटपाथ पर चढ़ गया ।’’
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।
गुसाईं ने बताया कि हादसे के समय बस खाली थी और उसमें कोई यात्री नहीं था । उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है ।
भाषा दीप्ति मनीषा
मनीषा

Facebook


