आगामी चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड सरकार केंद्र से अतिरिक्त व्यवसायिक गैस सिलेंडरो का अनुरोध करेगी

आगामी चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड सरकार केंद्र से अतिरिक्त व्यवसायिक गैस सिलेंडरो का अनुरोध करेगी

आगामी चारधाम यात्रा के लिए उत्तराखंड सरकार केंद्र से अतिरिक्त व्यवसायिक गैस सिलेंडरो का अनुरोध करेगी
Modified Date: April 2, 2026 / 04:22 pm IST
Published Date: April 2, 2026 4:22 pm IST

देहरादून, दो अप्रैल (भाषा) आगामी चार धाम यात्रा एवं पर्यटन सीजन के दौरान उत्तराखंड में साढ़े नौ लाख से अधिक व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की खपत का आकलन किया गया है जिसे देखते हुए वर्तमान वैश्विक परिदृश्य के मद्देनजर राज्य सरकार केंद्र से गैस सिलेंडरों के अतिरिक्त आवंटन का अनुरोध करेगी । अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी ।

राज्य के मुख्य सचिव आनंद बर्धन के निर्देश पर खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने आगामी चार धाम यात्रा के दौरान व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडरों की जरूरत का आकलन करते हुए केंद्र को भेजे जाने वाले प्रस्ताव को अंतिम रूप दे दिया है।

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सचिव आनंद स्वरूप ने यहां बताया कि चारधाम यात्रा के दौरान राज्य में लाखों श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का आगमन होता है, जिससे होटलों, धर्मशालाओं, ढाबाओं, रेस्टोरेंट, गेस्ट हाउसों एवं अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में एलपीजी गैस की खपत अत्यधिक बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि अप्रैल से नवंबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में पंजीकृत लगभग 14,900 होटलों, रेस्टोरेंट, अतिथि गृहों एवं अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में व्यवसायिक एलपीजी गैस की मांग में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

उन्होंने कहा,‘‘ इस अवधि में इन प्रतिष्ठानों के लिए लगभग 9,67,950 व्यवसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता का आकलन किया गया है। इस व्यापक मांग को ध्यान में रखते हुए अग्रिम रूप से सिलेंडरों की अतिरिक्त आपूर्ति सुनिश्चित कराने हेतु भारत सरकार से अनुरोध किया जा रहा है, ताकि यात्रा अवधि के दौरान किसी प्रकार की कमी न हो।’’

सचिव ने यह भी कहा कि पिछले दो-तीन दिनों में तेल कंपनियों द्वारा व्यवसायिक एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि जहां पहले यह आपूर्ति लगभग 3,000 सिलेंडर प्रतिदिन थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 6,000 सिलेंडर प्रतिदिन से अधिक कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि तेल कंपनियों के साथ प्रभावी समन्वय से मांग एवं आपूर्ति के मध्य संतुलन स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं तथा आगामी चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के दृष्टिगत आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।

इस वर्ष चारधाम यात्रा 19 अप्रैल से शुरू हो रही है जब अक्षय तृतीया के पर्व पर गंगोत्री और यमुनोत्री धामों के कपाट खोले जाएंगे। केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल तथा बदरीनाथ के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे ।

भाषा दीप्ति राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में