उत्तराखंड: टिहरी में ट्रक की चपेट में आने से एक शिशु की मौत

उत्तराखंड: टिहरी में ट्रक की चपेट में आने से एक शिशु की मौत

उत्तराखंड: टिहरी में ट्रक की चपेट में आने से एक शिशु की मौत
Modified Date: June 28, 2026 / 10:22 pm IST
Published Date: June 28, 2026 10:22 pm IST

नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) उत्तराखंड के नयी टिहरी में मुल्यागांव के समीप ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को एक ट्रक की चपेट में आने से माता-पिता के साथ मोटरसाइकिल से जा रही डेढ़ साल की एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, हरियाणा के पानीपत से श्रीनगर गेहूं ले जा रहा एक ट्रक मुल्यागांव के पास एक ढलान पर चढ़ रहा था, तभी गियर काम न करने की वजह से वह पीछे की ओर लुढ़कने लगा।

पुलिस के अनुसार ट्रक को पीछे खिसकता देख, ठीक उसके पीछे चल रहे दूसरे ट्रक के ड्राइवर ने भी अपना ट्रक पीछे करना शुरू कर दिया।

पुलिस का कहना है कि अंकित अपनी पत्नी और बेटी नौनी के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे थे, तभी उन्होंने अपनी तरफ़ आते हुए ट्रक को देखा।

पुलिस के मुताबिक इससे पहले कि अंकित मोटरसाइकिल को सुरक्षित जगह ले जा पाते, ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

पुलिस ने बताया कि बच्ची गाड़ी के अगले पहिये के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार इस हादसे में अंकित एवं उनकी पत्नी मामूली रूप से जख्मी हुए।

पुलिस का कहना है कि गेंहू से लदा ट्रक सड़क पर पलट गया और यातायात जाम हो गया।

चौकी प्रभारी योगेंद्र शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची।

उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया तथा ट्रक को हटाने एवं यातायात को सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश


लेखक के बारे में