उत्तराखंड: नगरासू गुरुद्वारे में गतिरोध समाप्त, निहंग सिख छत से नीचे उतरे

उत्तराखंड: नगरासू गुरुद्वारे में गतिरोध समाप्त, निहंग सिख छत से नीचे उतरे

उत्तराखंड: नगरासू गुरुद्वारे में गतिरोध समाप्त, निहंग सिख छत से नीचे उतरे
Modified Date: June 23, 2026 / 08:48 pm IST
Published Date: June 23, 2026 8:48 pm IST

देहरादून, 23 जून (भाषा) उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में नगरासू स्थित गुरुद्वारे में पिछले चार दिनों से जारी गतिरोध मंगलवार को समाप्त हो गया और गुरुद्वारे की छत पर डटे निहंग सिख शांतिपूर्वक नीचे उतर आए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन की ओर से जारी बयान के अनुसार, जिला प्रशासन व पुलिस, पंजाब और पोंटा साहिब से आए सिख समुदाय के धार्मिक एवं प्रबुद्धजनों के प्रतिनिधिमंडल के समन्वित प्रयासों से सभी पक्षों के बीच संवाद हुआ, जिसके बाद गतिरोध समाप्त हो गया।

बयान में बताया गया कि सफल वार्ता के बाद 20 जून की शाम से गुरुद्वारे की छत पर डटे सभी निहंग सिख नीचे उतर आए और शांतिपूर्वक अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

बयान में हालांकि यह स्पष्ट नहीं किया गया कि निहंग सिखों की मांगों पर क्या निर्णय लिया गया।

पुलिस ने बताया कि निहंग सिखों की मांग पर कर्णप्रयाग घटना में दूसरे पक्ष के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और साथ ही निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए दोनों मुकदमों को हरिद्वार जिले में स्थानांतरित कर दिया गया।

बदरीनाथ-राजमार्ग पर रुद्रप्रयाग और गोचर के बीच स्थित नगरासू गुरुद्वारे में गतिरोध शनिवार शाम को उस समय शुरू हुआ था, जब निहंग सिखों का एक जत्था वहां पहुंचा और गुरुद्वारा प्रबंधन से हुए विवाद के बाद छत पर चढ़ गया।

उन्होंने छत तक जाने वाले मार्ग को भी बंद कर दिया था और उनके पास भाला व कृपाण जैसे शस्त्र भी थे।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि प्रशासन शुरुआत से ही स्थिति पर नजर बनाए हुए था और मामले का शांतिपूर्ण समाधान कर लिया गया है।

उन्होंने बताया, “सफल संवाद के बाद कुछ निहंग पहले ही नीचे आ गए थे जबकि शेष मंगलवार को वार्ता के बाद शांतिपूर्वक नीचे उतरकर अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।”

मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और चारधाम व हेमकुंड साहिब यात्रा को सुचारू रखने के लिए प्रशासन व पुलिस की टीमें लगातार तैनात रहीं।

उन्होंने बताया कि पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है ताकि विवाद के कारणों और परिस्थितियों का निष्पक्ष आकलन किया जा सके।

पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर ने बताया कि पिछले दो दिनों में तीन निहंग सिख नीचे उतर आए थे जबकि शेष निहंग मंगलवार को सिख प्रतिनिधिमंडल की मध्यस्थता के बाद नीचे आ गए।

उन्होंने बताया कि मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यपरक जांच की जाएगी और उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस अवसर पर सिख प्रतिनिधिमंडल के बाबा गग्गड़ और नगरासू गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के सेवादार बाबा बेअंत सिंह ने गतिरोध समाप्त कराने में प्रशासन तथा पुलिस के सहयोग की सराहना की।

कर्णप्रयाग में 16 जून को स्थानीय लोगों और निहंग सिखों के बीच मामूली विवाद के दौरान कथित तौर पर तलवार से किये गये हमले में कुछ लोग घायल हो गए थे।

घटना में एक निहंग सिख भी घायल हुआ था।

पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर चार निहंग सिखों को गिरफ्तार किया था। भाषा दीप्ति जितेंद्र

जितेंद्र


लेखक के बारे में