उत्तराखंड: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
उत्तराखंड: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
देहरादून, छह मई (भाषा) उत्तराखंड के चंपावत में एक नाबालिग लड़की से कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म करने के आरोप में बुधवार को तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
चंपावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने बताया कि मंगलवार को अपनी सहेली की शादी में शामिल होने के लिए क्षेत्र के एक गांव गई 16 वर्षीय लड़की के लापता होने की सूचना मिलने पर तत्काल चंपावत कोतवाली से पुलिस बल मौके लिए रवाना हुआ।
उन्होंने बताया कि मौके पर जाकर जानकारी जुटाते हुए खोजबीन की गयी जिसके बाद लड़की को एक डेयरी के पास से बरामद किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ में लड़की ने कुछ लोगों द्वारा दुष्कर्म किए जाने की जानकारी दी, जिसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाकर उपचार एवं मेडिकल परीक्षण कराया गया।
यादव ने बताया कि इसके साथ ही घटनास्थल को तत्काल संरक्षित कर साक्ष्य संकलन की कार्यवाही की गई। उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसओजी (विशेष अभियान समूह) एवं स्थानीय पुलिस को क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है तथा तकनीकी एवं अन्य साक्ष्यों का भी संकलन किया जा रहा है।
यादव ने बताया कि उन्होंने भी पीड़िता से बातचीत कर उससे घटना की जानकारी ली है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर तीन व्यक्तियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा दीप्ति आशीष
आशीष

Facebook


