विजयन पर की गई टिप्पणियों को मीडिया ने ‘बढ़ा-चढ़ाकर’ पेश किया गया: कांग्रेस नेता अय्यर
विजयन पर की गई टिप्पणियों को मीडिया ने 'बढ़ा-चढ़ाकर' पेश किया गया: कांग्रेस नेता अय्यर
तिरुवनंतपुरम, 16 फरवरी (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मणिशंकर अय्यर ने सोमवार को दावा किया कि पिनराई विजयन के केरल के अगले मुख्यमंत्री होने संबंधी उनकी टिप्पणी को मीडिया ने “बढ़ा-चढ़ाकर पेश” किया है।
अय्यर ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा कि यह टिप्पणी उनके भाषण में ‘‘सिर्फ आधी पंक्ति’’ की थी।
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार उत्कृष्ट कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘यह भाषण मैंने योजना बोर्ड की प्रधान सचिव मैरी जोसेफ का वक्तव्य सुनने के बाद दिया था। उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।’’
कुछ कांग्रेस नेताओं द्वारा यह कहे जाने पर कि अय्यर अब पार्टी से जुड़े नहीं हैं, इसपर उन्होंने कहा कि केवल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ही उन्हें संगठन से बाहर कर सकते हैं।
रविवार को “विजन 2031: डेवलपमेंट एंड डेमोक्रेसी” विषयक अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में अय्यर ने विश्वास जताया था कि विजयन मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे। उनकी इस टिप्पणी की कड़ी आलोचना हुई और कांग्रेस नेताओं ने उनके बयान से खुद को अलग कर लिया।
भाषा
राखी दिलीप
दिलीप

Facebook


