पश्चिम बंगाल के मतदाता निडर होकर प्रगतिशील मूल्यों के लिए मतदान करें: खरगे

पश्चिम बंगाल के मतदाता निडर होकर प्रगतिशील मूल्यों के लिए मतदान करें: खरगे

पश्चिम बंगाल के मतदाता निडर होकर प्रगतिशील मूल्यों के लिए मतदान करें: खरगे
Modified Date: April 29, 2026 / 08:27 am IST
Published Date: April 29, 2026 8:27 am IST

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे एवं अंतिम चरण का मतदान शुरू होने के बाद बुधवार को राज्य के मतदाताओं से निडर होकर प्रगतिशील मूल्यों और विकास के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण के तहत 142 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है। बीते 23 अप्रैल को पहले चरण में 152 सीटों के लिए मतदान हुआ था। राज्य में विधानसभा की कुल 294 सीटें हैं।

खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में आज दूसरे चरण का मतदान है। मैं मतदाताओं से बड़ी संख्या में बाहर निकलने और बिना किसी डर या झिझक के अपने लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करने का आग्रह करता हूं।’

उन्होंने कहा, ‘किसी से प्रभावित या भयभीत न हों। प्रगतिशील मूल्यों के लिए वोट करें। विकास के लिए वोट करें। सद्भावना के लिए वोट करें। सौहार्द के लिए वोट करें।’

उनका कहना था कि पश्चिम बंगाल हमेशा सार्थक बदलाव लाने में अग्रणी रहा है और आज ऐसा ही एक और क्षण है।

खरगे ने कहा , ‘यह समय उन ताकतों के खिलाफ खड़े होने और उन्हें मुंहतोड़ जवाब देने का है जो आपके अधिकारों को कमजोर करना चाहती हैं। मैं विशेष रूप से युवा और पहली बार मतदाता बने लोगों से अपील करता हूं, आपकी आवाज मायने रखती है। यह सुनिश्चित करें कि पश्चिम बंगाल में सच्चे लोकतंत्र की भावना बनी रहे।’

भाषा हक अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में