खामियों के बावजूद गोदाम के नक्शे को मंजूरी दी गई, इस पर पूर्व महापौर के हस्ताक्षर: शुभेंदु
खामियों के बावजूद गोदाम के नक्शे को मंजूरी दी गई, इस पर पूर्व महापौर के हस्ताक्षर: शुभेंदु
कोलकाता, 25 जून (भाषा) कोलकाता में गोदाम ढहने की घटना में 10 लोगों की मौत के एक दिन बाद पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि संरचनात्मक खामियों के बावजूद भवन का नक्शा मंजूर किया गया था और उस स्वीकृति पर पूर्व महापौर एवं तृणमूल कांग्रेस नेता फिरहाद हकीम के हस्ताक्षर हैं।
उन्होंने विधानसभा में कहा, “किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जायेगा।”
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में तृणमूल सरकार ने 15 वर्षों के शासन के दौरान ऐसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए न तो आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की और न ही पेशेवर बचाव दल तैयार किए।
शुभेंदु ने विधानसभा में बताया कि कोलकाता के तारातला इलाके में गोदाम ढहने की घटना में नौ लोगों की मौत हुई है और 20 लोग घायल हैं।
हालांकि, एसएसकेएम अस्पताल के सूत्रों ने बाद में बताया कि बृहस्पतिवार सुबह एक और घायल व्यक्ति की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इसी अस्पताल में घायलों का इलाज किया जा रहा है।
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक मृतकों में से आठ की पहचान हो चुकी है।
विधानसभा में दिए गए बयान में मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10-10 लाख रुपये और प्रत्येक घायल को एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 20 घायलों में से एक की हालत बहुत गंभीर है।
उन्होंने कहा कि अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार लोगों की पहचान भवन ठेकेदार असगर के पर्यवेक्षक गुलजार हुसैन, शटरिंग तैयार करने वाले कमल सामंत, भूमि पट्टाधारक शंभूनाथ बेहरा, ठेकेदार दिवाकर भंडारी तथा कोलकाता नगर निगम (केएमसी) से नक्शा मंजूर कराने में बिचौलिये की भूमिका निभाने वाले अब्दुल हमीद के रूप में हुई है।
उन्होंने कहा कि ठेकेदार असगर की तलाश की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में कहा कि संरचनात्मक खामियों और दोषपूर्ण डिजाइन के बावजूद भवन का नक्शा मंजूर किया गया था और इस स्वीकृति पर कोलकाता के पूर्व महापौर फिरहाद हकीम के हस्ताक्षर हैं।
उन्होंने दोहराया, “किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”
ममता बनर्जी सरकार के दौरान हकीम राज्य के शहरी विकास मंत्री भी रहे थे।
शुभेंदु ने कहा कि घटना के लिए दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाया जाएगा और मुआवजे की राशि वसूलने के लिए उनकी संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी।
उन्होंने कहा, “इस मामले में बिल्कुल भी नरमी नहीं बरती जाएगी।”
शुभेंदु ने बताया कि इस भवन का भवन नक्शा 17 जनवरी 2026 को मंजूर किया गया था, जब राज्य में तृणमूल की सरकार थी।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कोलकाता नगर निगम में जमा होने वाला कोई भी भवन नक्शा ‘काली’ नामक व्यक्ति की मंजूरी के बिना स्वीकृत नहीं होता था।
उन्होंने सदन में कहा, “यही काली 200 करोड़ रुपये की लागत से नया तृणमूल भवन बना रहा है।”
शुभेंदु ने कहा कि तृणमूल सरकार ने 2024 में नजदीकी गार्डन रीच इलाके में हुई इमारत ढहने की घटना समेत पिछली त्रासदियों से कोई सबक नहीं लिया, जिसमें 14 लोगों की मौत हुई थी।
उन्होंने बताया कि तारातला हादसे के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस सभी आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
तारातला क्षेत्र में ब्रेस ब्रिज के निकट ट्रांसपोर्ट डिपो रोड स्थित इस गोदाम की छत बुधवार दोपहर लगभग 12 बजे ढह गई थी। घटना के समय वहां कई लोग काम कर रहे थे।
शुभेंदु ने विधानसभा में बताया कि पांच शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि अन्य चार शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार सभी घायलों के उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करेगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि उप-सहायक अभियंता अमीनुर शेख, सहायक अभियंता निर्मलेंदु सरदार और कार्यकारी अभियंता रंजन दास निर्माणाधीन गोदाम के संबंध में अपने दायित्वों का निर्वहन करने में विफल रहे।
शुभेंदु ने घोषणा की कि कोलकाता नगर निगम क्षेत्र, राजारहाट-न्यू टाउन, महेशतला, बजबज, पुजाली, सोनारपुर के बिष्णुपुर ग्रामीण क्षेत्र तथा दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में आपात सेवाओं को छोड़कर सभी निर्माण कार्य चार सप्ताह तक स्थगित रहेंगे।
उन्होंने कहा, “सभी स्वीकृत भवन नक्शों का ऑडिट किया जाएगा। इसके लिए एक समिति गठित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य सचिव राजेश पांडे करेंगे।”
शुभेंदु ने कहा, “तृणमूल कांग्रेस द्वारा ‘कट-मनी’ लेकर और बिचौलियों के माध्यम से मंजूर किए गए सभी भवन नक्शों का ऑडिट किया जाएगा। ऑडिट पूरा होने तक किसी भी नये निर्माण कार्य की अनुमति नहीं दी जाएगी।”
भाषा खारी देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


