डब्ल्यूबीपीसीसी प्रमुख शुभंकर सरकार की संपत्ति एक दशक में तीन गुना से अधिक बढ़ी: हलफनामा

डब्ल्यूबीपीसीसी प्रमुख शुभंकर सरकार की संपत्ति एक दशक में तीन गुना से अधिक बढ़ी: हलफनामा

डब्ल्यूबीपीसीसी प्रमुख शुभंकर सरकार की संपत्ति एक दशक में तीन गुना से अधिक बढ़ी: हलफनामा
Modified Date: April 25, 2026 / 07:32 pm IST
Published Date: April 25, 2026 7:32 pm IST

कोलकाता, 25 अप्रैल (भाषा) हुगली जिले के श्रीरामपुर निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार शुभंकर सरकार ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने नामांकन पत्रों में 14.4 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है, जिससे पता चलता है कि पिछले 10 वर्षों में उनकी संपत्ति 2016 में 4.35 करोड़ रुपये से बढ़कर तीन गुना से अधिक हो गई है। उनके चुनावी हलफनामे के विश्लेषण से यह जानकारी सामने आई।

पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डब्ल्यूबीपीसीसी) अध्यक्ष ने 2021 के विधानसभा चुनावों में नोआपाड़ा से चुनाव लड़ते समय अपनी कुल संपत्ति 7.42 करोड़ रुपये घोषित की थी। नवीनतम खुलासे से पता चलता है कि पिछले पांच वर्षों में उनकी संपत्ति में लगभग 94 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, और 2016 से अब तक कुल मिलाकर लगभग 231 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

इसी अवधि के दौरान उनकी देनदारियों में भी काफी वृद्धि हुई है। सरकार ने 2016 में 21.85 लाख रुपये की देनदारियां दर्ज की थीं, जो 2021 में बढ़कर 25.93 लाख रुपये हो गईं।

हाल ही में दायर हलफनामे में, सरकार की देनदारियां 83.2 लाख रुपये बताई गई हैं, जो पिछले चुनाव के बाद से 220 प्रतिशत से अधिक और एक दशक में लगभग 281 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाती है।

कांग्रेस उम्मीदवार ने अपने नवीनतम नामांकन पत्रों में स्वयं को स्नातक बताया है। अपने पहले के हलफनामों की तरह, सरकार ने उनके खिलाफ किसी भी आपराधिक मामले की जानकारी नहीं दी है।

सरकार (66) के नवीनतम चुनावी हलफनामा से ज्ञात होता है कि उनकी व्यक्तिगत संपत्ति में निरंतर वृद्धि हुई है, और मौजूदा चुनाव वर्ष में यह वृद्धि सबसे अधिक है। उनकी चल और अचल दोनों संपत्तियों में यह वृद्धि स्पष्ट है। हालांकि हलफनामे में इस उछाल का कारण नहीं बताया गया है।

भाषा प्रशांत धीरज

धीरज


लेखक के बारे में