बंगाल: भाजपा की तीसरी सूची जारी, आरजी कर पीड़िता की मां को पानीहाटी से उम्मीदवार बनाया

बंगाल: भाजपा की तीसरी सूची जारी, आरजी कर पीड़िता की मां को पानीहाटी से उम्मीदवार बनाया

बंगाल: भाजपा की तीसरी सूची जारी, आरजी कर पीड़िता की मां को पानीहाटी से उम्मीदवार बनाया
Modified Date: March 25, 2026 / 11:29 pm IST
Published Date: March 25, 2026 11:29 pm IST

नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) भाजपा ने बुधवार को आगामी पश्चिम बंगाल चुनावों के लिए 19 उम्मीदवारों की तीसरी सूची जारी की । इस सूची में आरजी कर की पीड़िता की मां का नाम भी शामिल है, जिन्हें पानीहाटी विधानसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा गया है।

अगस्त 2024 में कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में बेटी के साथ हुए बलात्कार और हत्या की जांच की सबसे मुखर आलोचकों में से एक के रूप में उभरी उम्मीदवार ने हाल ही में दावा किया था कि वह और उनके पति भाजपा में शामिल हो गए हैं।

घोषणा के बाद एक टेलीविजन चैनल से बात करते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव लड़ना गर्व की बात नहीं बल्कि एक पीड़ादायक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा, ‘मैं उम्मीदवार बन गई हूं। अगर मैं जीतती हूं तो पानीहाटी के लोग जीतेंगे। मैं उन लोगों के लिए आवाज उठाऊंगी जो विरोध करना भूल चुके हैं।’

उन्होंने कहा कि वह निर्वाचन क्षेत्र की स्थिति में सुधार लाने और लोगों की सेवा करने के लिए काम करेंगी।

उन्होंने कहा, ‘अगर मैं लोगों की सेवा कर सकूं तो मेरी बेटी भी खुश रहेगी। मैं चाहती हूं कि पश्चिम बंगाल में कमल खिले और तृणमूल कांग्रेस जड़ से उखड़ जाए।’

बुधवार को जारी भाजपा की तीसरी सूची के अनुसार, रथींद्र नाथ बोस कूच बिहार दक्षिण से चुनाव लड़ेंगे, पार्टी ने अपने मौजूदा विधायक को टिकट नहीं दिया है, चित्रजीत रॉय इस्लामपुर से और अरूप कुमार दास सिंगूर से चुनाव लड़ेंगे।

बिप्लब मंडल को हावड़ा मध्य से, शंकर गुच्छैत को मेदिनीपुर से, अनिल सिंह को नैहाटी से, सुबीर नाग को चुंचुरा से और दीपांजन चक्रवर्ती को उत्तरपाड़ा से मैदान में उतारा गया है।

मधुमिता घोष हरिपाल से चुनाव लड़ेंगी, जबकि अन्य उम्मीदवारों में दिनेश सरकार (रायगंज), हरिपद बर्मन (हेमताबाद), अमलान भादुड़ी (इंग्लिश बाजार), स्वप्नदास (शांतिपुर), दीपांजन कुमार गुहा (चंदननगर), हरेकृष्ण बेरा (तमलुक) और प्राणकृष्ण तापदार (पुरबस्थली दक्षिण) शामिल हैं।

कृष्णा घोष कटवा से, कृष्णकांत साहा सैंथिया से और अनिल सिंह नलहाटी से चुनाव लड़ेंगे।

नवीनतम घोषणा के साथ भाजपा ने अब राज्य की 294 विधानसभा सीट में से 275 सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है, जबकि 19 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामों की घोषणा अभी बाकी है।

भाषा शुभम रंजन

रंजन


लेखक के बारे में