गोवा में 18 महीने की बेटी की हत्या कर महिला जान देने के लिए नदी में कूदी
गोवा में 18 महीने की बेटी की हत्या कर महिला जान देने के लिए नदी में कूदी
पणजी, छह अगस्त (भाषा) गोवा के चिकालिम गांव में शनिवार तड़के एक महिला 18 महीने की बेटी की कथित तौर पर हत्या कर खुदकुशी के लिए नदी में कूद गई। हालांकि महिला को वहां निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूरों ने बचा लिया।
पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक 34 वर्षीय महिला जर्मनी में कई साल बिताने के बाद पिछले हफ्ते दक्षिण गोवा के चिकालिम में स्थित अपने माता-पिता के घर आई थी। महिला का पति जर्मनी में कार्यरत है।
पुलिस निरीक्षक कपिल नायक ने संवाददाताओं से कहा, ”आज सुबह करीब पांच बजे निमिषा वलसन नामक महिला ने अपनी 18 महीने की बेटी की गला घोंटकर हत्या कर दी। उसके बाद वह अपने पड़ोसियों के पास गई और उनकी कार की चाबी मांगी, जो उन्होंने दे दी।”
पुलिस अधिकारी के मुताबिक इसके बाद निमिषा कार को लेकर पांच किलोमीटर दूर आई और एक पुल से उसने जुआदी नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, वहां एक निर्माण कार्य में जुटे हुए कुछ मजदूरों ने निमिषा को बचा लिया।
पुलिस अधिकारी के अनुसार महिला को सरकारी गोवा मेडिकल कॉलेज और अस्पताल (जीएमसीएच) बम्बोलिम ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस निरीक्षक कपिल नायक ने कहा, ”आरोपी महिला कई साल जर्मनी में रहने के बाद गोवा लौटी थी। जर्मनी में उसका पति काम करता है।”
पुलिस के मुताबिक निमिषा वलसन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
भाषा रवि कांत पवनेश
पवनेश

Facebook


