आदर्श नगर रेलवे स्टेशन के पास महिला की हत्या; पुलिस जांच में जुटी

आदर्श नगर रेलवे स्टेशन के पास महिला की हत्या; पुलिस जांच में जुटी

आदर्श नगर रेलवे स्टेशन के पास महिला की हत्या; पुलिस जांच में जुटी
Modified Date: November 16, 2025 / 06:33 pm IST
Published Date: November 16, 2025 6:33 pm IST

नयी दिल्ली, 16 नवंबर (भाषा) दिल्ली के आदर्श नगर रेलवे स्टेशन के पास रविवार को एक महिला की हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि सब्जी मंडी इलाके में तैनात राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक जवान ने फोन कर सूचना दी कि लगभग 40-45 वर्षीया महिला का शव स्टेशन परिसर के पास झाड़ियों में पड़ा मिला है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “महिला के कपड़े फटे हुए थे और उसके चेहरे व सिर पर चोट के गहरे निशान थे। ऐसा प्रतीत होता है कि वह कूड़ा बीनने का काम करती थी या लावारिस थी।”

अधिकारी ने कहा कि चोटें किसी धारदार हथियार से किए गए हमले का संकेत देती हैं। उसके मुंह के पास भी खून के निशान पाए गए।

महिला का शव स्टेशन परिसर के पीछे घनी झाड़ियों में मिला। घटनास्थल से महिलाओं की एक जोड़ी चप्पलें, पुरुषों की एक जोड़ी चप्पलें और कुछ अन्य सामान बरामद हुआ है।

अधिकारियों का मानना है कि इनमें से कुछ वस्तुएं अपराध में इस्तेमाल की गई हो सकती हैं।

अधिकारी ने बताया, “महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है। उसके परिजनों या परिचितों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।”

पुलिस ने मौके से सबूत एकत्र किए हैं और घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। घटना से पहले महिला की गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

महेंद्र पार्क थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और इसे सुलझाने के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

भाषा खारी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में