छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत, पत्रकार गंभीर रूप से घायल

छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत, पत्रकार गंभीर रूप से घायल

Modified Date: March 19, 2022 / 04:55 pm IST
Published Date: March 19, 2022 4:55 pm IST

कोरबा (छत्तीसगढ़), 19 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश की सीमा पर हुई सड़क दुर्घटना में राज्य के सूरजपुर जिले के वरिष्ठ पत्रकार के परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई है जबकि पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

सूरजपुर जिले के पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि दोनों राज्यों की सीमा पर स्थित बम्हनी थाना क्षेत्र के मधुटिकरा गांव के करीब सड़क दुर्घटना में पत्रकार उपेंद्र दुबे की माता मानमति दुबे, पत्नी देवी रूपा दुबे और पुत्र नवीन दुबे की मृत्यु हो गई है। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में पत्रकार उपेंद्र दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस ने बताया कि दुबे को अंबिकापुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सड़क दुर्घटना में वरिष्ठ पत्रकार उपेंद्र दुबे के परिवार के तीन सदस्यों की मृत्यु पर शोक जताया है।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सरगुजा जिला प्रशासन को दुबे के बेहतर इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

भाषा सं संजीव अर्पणा

अर्पणा


लेखक के बारे में