उज्जैन में भाजपा विधायक के कार्यालय के बाहर दो समूहों के बीच झड़प
उज्जैन में भाजपा विधायक के कार्यालय के बाहर दो समूहों के बीच झड़प
उज्जैन (मप्र), 17 अगस्त (भाषा) मध्यप्रदेश के उज्जैन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सतीश मालवीय के कार्यालय के बाहर शनिवार को दो समूहों के बीच हुई झड़प में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि फ्रीगंज क्षेत्र की इस इस घटना के सिलसिले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
कांग्रेस ने गृह विभाग का प्रभार संभाल रहे मुख्यमंत्री मोहन यादव के गृहनगर में कानून व्यवस्था की स्थिति को लेकर उनपर निशाना साधा। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया।
माधवनगर थाने के निरीक्षक राकेश भारती ने बताया कि झगड़े में ओम पाटीदार और उसके छोटे भाई पवन पाटीदार घायल हो गये जिनका सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि दोनों समूह के लोग सतीश मालवीय के समर्थक थे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि उज्जैन में डकैती और हत्या की हालिया घटनाओं के बाद अब भाजपा कार्यकर्ता एक-दूसरे से झगड़ रहे हैं।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि मुख्यमंत्री यादव कम से कम अपने शहर की कानून व्यवस्था की स्थिति का ध्यान रखें।
भाषा राजकुमार सुरेश
सुरेश

Facebook


