मप्र में पहली बार सरकारी अस्पताल में शुरू हुई मोटापा घटाने की सर्जरी की सुविधा

मप्र में पहली बार सरकारी अस्पताल में शुरू हुई मोटापा घटाने की सर्जरी की सुविधा

मप्र में पहली बार सरकारी अस्पताल में शुरू हुई मोटापा घटाने की सर्जरी की सुविधा
Modified Date: February 23, 2026 / 02:46 pm IST
Published Date: February 23, 2026 2:46 pm IST

इंदौर, 23 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश में अपनी तरह के पहले प्रयोग के तहत इंदौर के शासकीय महाराजा यशवंतराव चिकित्सालय (एमवायएच) में मोटापा घटाने की सर्जरी की सुविधा की सोमवार से औपचारिक शुरुआत की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

इंदौर संभाग के आयुक्त (राजस्व) डॉ. सुदाम खाड़े ने एमवायएच के सर्जरी विभाग में बेरियाट्रिक क्लीनिक का उद्घाटन किया।

उन्होंने इस मौके पर कहा, ‘‘इन दिनों समाज में मोटापा एक ज्वलंत समस्या बनकर उभरा है। मोटापे के कारण लोगों को मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी समस्याएं हो रही हैं। इसके मद्देनजर हमने एमवायएच में मोटापा घटाने की बेरियाट्रिक सर्जरी की सुविधा शुरू की है। यह शासकीय क्षेत्र में प्रदेश की अपनी तरह की पहली सुविधा है।’’

खाड़े ने बताया कि आयुष्मान कार्ड वाले मरीज इस सुविधा का मुफ्त लाभ उठा सकेंगे, जबकि निजी अस्पतालों में मोटापा घटाने की सर्जरी के लिए आम तौर पर चार से पांच लाख रुपये का खर्च आता है।

एमवायएच में बेरियाट्रिक सर्जरी कराने वाली गुल अफशां (30) ने बताया,‘‘ऑपरेशन के बाद मेरा वजन डेढ़ महीने के भीतर 120 किलोग्राम से घटकर 97 किलोग्राम रह गया है। इससे मुझे मधुमेह की समस्या में राहत मिली है और मैं खुद को पहले से ज्यादा चुस्त-दुरुस्त महसूस कर रही हूं।’’

भाषा हर्ष मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में