मप्र: कांग्रेस ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर अलीराजपुर में प्रदर्शन किया
मप्र: कांग्रेस ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर अलीराजपुर में प्रदर्शन किया
अलीराजपुर, सात जून (भाषा) कांग्रेस की युवा शाखा भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) 2026 के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले को लेकर रविवार को मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल अलीराजपुर जिले में प्रदर्शन किया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव करने का प्रयास किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया और कुछ नेताओं को हिरासत में भी लिया।
चिब ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते कहा कि ‘नीट महाघोटाले’ के खिलाफ और धर्मेंद्र प्रधान की बर्खास्तगी की मांग को लेकर किए जा रहे आंदोलन को पुलिसिया दमन, पानी की बौछार और गिरफ्तारियों से दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा, “युवाओं का ये आक्रोश तानाशाह सरकार की नींद उड़ा देगा। प्रधानमंत्री भले ही खामोश रहें लेकिन देश के युवाओं के हक की ये लड़ाई सड़क से संसद तक जारी रहेगी। जब तक विद्यार्थियों को न्याय नहीं मिलता और दोषियों की बर्खास्तगी नहीं होती, यह राष्ट्रव्यापी आंदोलन थमने वाला नहीं है।”
चिब ने कहा कि नीट प्रश्नपत्र लीक और सीबीएसई में हुई गड़बड़ी पर धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना ही होगा।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने अनियमितताओं के आरोपों के बीच तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) (नीट-यूजी) 2026 को रद्द कर दिया था।
पुन: परीक्षा 21 जून को निर्धारित की गई है।
कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रही है और प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रही है।
पिछले दिनों भोपाल में भी कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया था, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित कई नेताओं को हिरासत में लिया गया था।
इस दौरान कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता घायल भी हुए थे।
भाषा ब्रजेन्द्र जितेंद्र
जितेंद्र

Facebook


