मप्र :बेगमगंज रेंज में मादा तेंदुआ मृत मिली, शिकार के संदेह में तीन हिरासत में
मप्र :बेगमगंज रेंज में मादा तेंदुआ मृत मिली, शिकार के संदेह में तीन हिरासत में
रायसेन, तीन जनवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के रायसेन
जिले के बेगमगंज रेंज क्षेत्र में शनिवार सुबह एक मादा तेंदुए का शव नाले में पड़ा मिला। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि वन विभाग ने शिकार की आशंका में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है और प्राथमिकी दर्ज की है।
अधिकारियों ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 80 किलोमीटर दूर बेगमगंज रेंज के सुनेहरा बीट में ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। मौके पर डीएफओ प्रतिभा शुक्ला, रेंजर अरविंद अहिरवार, नायब तहसीलदार विक्रम सिंह राजपूत तथा भोपाल से आई जांच टीम ने पंचनामा कार्रवाई के बाद खोजी कुत्तों की मदद ली।
वन मंडलाधिकारी (डीएफओ) प्रतिभा शुक्ला ने बताया कि स्थानीय लोगों के अनुसार लगभग चार वर्ष की एक मादा तेंदुआ एक पखवाड़े से क्षेत्र में विचरण कर रही थी और पालतू पशुओं का शिकार कर रही थी।
उन्होंने बताया कि तेंदुए की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत का माहौल था, जिसकी वजह से सुनेहरा, मड़िया, कोलुआ सहित आसपास के करीब आठ गांवों के लोगों ने रात में घरों से निकलना बंद कर दिया था। किसान दिन में समूह बनाकर खेतों में जा रहे थे।
शुक्ला ने बताया कि बेगमगंज रेंज में कुल 14 तेंदुए मौजूद हैं। सुनेहरा बीट के पास नाले में तेंदुए का शव मिलने के बाद खोजी कुत्तों की तलाश के दौरान घटनास्थल से करीब 20 मीटर दूर एक खेत में बड़ी खूंटी गड़ी हुई मिली, जिस पर तेंदुए के फर लगे थे। इसके अलावा आसपास के खेतों में तीन अन्य खूंटियां भी पाई गईं।
उन्होंने बताया कि खोजी कुत्तों की मदद से मिले सुराग के आधार पर सुनेहरा के तीन लोगों को शिकार के संदेह में हिरासत में लिया गया।
डीएफओ और रेंजर की मौजूदगी में वन विहार, भोपाल से आए वन्यप्राणी चिकित्सक अतुल गुप्ता और डीपी अहिरवार ने पशु चिकित्सक जयशंकर पाल के सहयोग से तेंदुए का पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव का बीट डिपो में दाह संस्कार किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल तेंदुए की मौत के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है। यह जांच की जा रही है कि खेतों में गाड़ी गई खूंटियां तेंदुए या अन्य वन्यप्राणियों के शिकार के लिए लगाई गई थीं या नहीं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा सं दिमो
धीरज
धीरज

Facebook


