मप्र : कूनो राष्ट्रीय उद्यान में घायल मादा चीता की उपचार के दौरान मौत
मप्र : कूनो राष्ट्रीय उद्यान में घायल मादा चीता की उपचार के दौरान मौत
श्योपुर, छह जून (भाषा) मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में घायल भारतीय मूल की 27 माह की एक मादा चीता की शनिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
चीता परियोजना के क्षेत्रीय निदेशक उत्तम शर्मा ने बताया कि आधिकारिक तौर पर केजीपी-11 नाम की इस मादा चीता को एक जून को मुरैना जिले के पहाड़गढ़ क्षेत्र के पास घायल अवस्था में पाया गया था, जिसके बाद उसे उपचार और गहन देखभाल के लिए पालपुर स्थित पशु चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया था।
शर्मा ने कहा, ‘‘पशु चिकित्सकों और मैदानी दल के सभी प्रयासों के बावजूद उसकी आज शाम मौत हो गई। मौत के सही कारण का पता लगाने के लिए सात जून को उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा।’’
उन्होंने बताया कि केजीपी-11 की मौत के बाद कूनो राष्ट्रीय उद्यान में अब 49 चीते रह गए हैं, जिनमें से 32 का जन्म भारत में हुआ है।
शर्मा ने कहा कि इनमें से 19 चीते फिलहाल जंगल में स्वतंत्र रूप से विचरण कर रहे हैं, जबकि शेष सभी चीते स्वस्थ हैं और उनकी स्थिति अच्छी है।
उन्होंने बताया कि भारत में अब कुल 52 चीते हैं, जिनमें 49 कूनो राष्ट्रीय उद्यान में तथा तीन गांधी सागर अभयारण्य में हैं।
भाषा
सं, दिमो रवि कांत

Facebook


