मप्र : फिरौती के लिए अगवा दो बच्चे मुक्त, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार
मप्र : फिरौती के लिए अगवा दो बच्चे मुक्त, दो महिलाओं समेत चार गिरफ्तार
इंदौर (मध्यप्रदेश), 24 अप्रैल (भाषा) इंदौर में 15 लाख रुपये की फिरौती के लिए अगवा दो बच्चों को सकुशल मुक्त कराते हुए पुलिस ने शुक्रवार को दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजेश व्यास ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनीत प्रजापति (22), राधिका प्रजापति (19), ललित सेन (21) और तनिशा सेन (20) के रूप में हुई है।
व्यास ने बताया कि विनीत और राधिका भाई-बहन हैं, जबकि ललित और तनीषा पति-पत्नी हैं।
डीसीपी ने बताया कि आरोपी पलासिया थाना क्षेत्र के उस बगीचे में पिछले कुछ दिन से जा रहे थे जहां बच्चे खेलते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने उनके मोबाइल पर कुत्ते-बिल्ली सरीखे पालतू जानवरों की तस्वीरें दिखाकर नैतिक सोनकर (11) और सम्राट जयदेव (11) से दोस्ती की।
व्यास ने बताया, ‘‘आरोपियों में शामिल एक महिला बृहस्पतिवार देर शाम यह झांसा देकर दोनों लड़कों को अपने साथ ले गई कि उसका परिवार शहर छोड़ कर जा रहा है और वह अपने पालतू जानवर उन्हें दे देगी।’’
उन्होंने बताया कि आरोपियों ने बच्चों के परिजनों से वॉट्सऐप के जरिये संपर्क करके उनकी सकुशल रिहाई के बदले 15 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
डीसीपी के मुताबिक आरोपियों ने धमकी दी कि यदि बृहस्पतिवार रात 11 बजे तक राशि नहीं दी गई, तो बच्चों की हत्या कर दी जाएगी।
व्यास ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलने पर पुलिस के 25 सदस्यीय दल ने स्थानीय लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के जरिये जांच शुरू की।
उन्होंने बताया कि जांच में मिले सुरागों के आधार पर दोनों बच्चों को घटनास्थल से लगभग 15 किलोमीटर दूर राजेंद्र नगर क्षेत्र में एक बहुमंजिला इमारत के फ्लैट से सकुशल मुक्त करा लिया गया।
व्यास ने बताया, ‘‘चारों आरोपियों का कोई पुराना आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। उन्होंने आसानी से धन हासिल करने के लिए बच्चों का अपहरण किया।’’
डीसीपी ने बताया कि आरोपियों में शामिल राधिका और तनीषा एक ई-कॉमर्स कंपनी में काम करती हैं, जबकि ललित पेशे से वाहन चालक है।
उन्होंने बताया कि विनीत शेयर बाजार में निवेश से जुड़ा काम करता था और पिछले छह महीने से बेरोजगार है।
व्यास ने बताया कि बच्चों के अपहरण के मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। भाषा हर्ष
मनीषा
मनीषा

Facebook


