मप्र: आरक्षक को चाकू मारने के आरोपी दो व्यक्ति संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
मप्र: आरक्षक को चाकू मारने के आरोपी दो व्यक्ति संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
उज्जैन (मध्य प्रदेश), 27 जुलाई (भाषा) मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुलिस के एक आरक्षक को चाकू मारने के आरोपी दो व्यक्तियों को एक संक्षिप्त मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में एक आरोपी को गोली लगी है। यह जानकारी
शनिवार को एक अधिकारी ने दी।
अधिकारी ने बताया कि घायल पुलिस आरक्षक का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रदीप शर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मुठभेड़ शुक्रवार रात नीलगंगा थानाक्षेत्र में हुई।
शर्मा ने बताया, ‘‘बृहस्पतिवार रात एक जांच के दौरान रोके जाने के बाद लूटपाट के आरोपी तीन लोग भाग गए। दो पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया और उन्हें पकड़ लिया लेकिन एक आरोपी ने पुलिस आरक्षक आकाश को चाकू मार दिया। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गए।’
एसपी ने बताया कि शुक्रवार रात पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सावरखेड़ी के पास आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनका पीछा किया, लेकिन आरोपियों ने फिर से भागने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि जैसे ही पुलिस ने उनका पीछा करना शुरू किया, आरोपियों ने पुलिस टीम पर गोलीबारी की और जवाबी गोलीबारी में एक आरोपी के घुटने में गोली लग गई। शर्मा ने बताया कि मोटरसाइकिल से गिरकर दूसरा आरोपी भी घायल हो गया।
एसपी ने बताया कि आरोपियों को पकड़ लिया गया है और दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने बताया कि इन दोनों के तीसरे साथी की तलाश शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के पास से एक पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए गए हैं और जिस स्थान पर उन्होंने पुलिस टीम पर गोलीबारी की थी, वहां से एक खोखा भी मिला है।
उन्होंने बताया कि घायल आरक्षक को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है, क्योंकि चाकू लगने से उसके फेफड़ों में चोट आई है। उन्होंने बताया कि चिकित्सक आरक्षक के स्वास्थ्य की निगरानी कर रहे हैं।
भाषा सं दिमो पारुल अमित
अमित

Facebook


