मप्र : शराब मामले की जांच के लिए आई गुजरात पुलिस की गाड़ी पर ग्रामीणों ने किया पथराव

मप्र : शराब मामले की जांच के लिए आई गुजरात पुलिस की गाड़ी पर ग्रामीणों ने किया पथराव

मप्र : शराब मामले की जांच के लिए आई गुजरात पुलिस की गाड़ी पर ग्रामीणों ने किया पथराव
Modified Date: March 5, 2026 / 06:14 pm IST
Published Date: March 5, 2026 6:14 pm IST

आलीराजपुर/इंदौर (मध्यप्रदेश), पांच मार्च (भाषा) शराब तस्करी के एक मामले की जांच के लिए मध्यप्रदेश के आलीराजपुर जिले में पहुंची गुजरात पुलिस की कार पर ग्रामीणों ने कथित रूप से गलतफहमी में पथराव कर दिया लेकिन इस घटना में कोई पुलिस कर्मी घायल नहीं हुआ। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि हमलावरों में शामिल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक रघुवंश कुमार सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गुजरात पुलिस के चार कर्मी शराब तस्करी के एक मामले की जांच के लिए सादे कपड़ों में मंगलवार (तीन मार्च) को आलीराजपुर जिले के कट्ठीवाड़ा क्षेत्र में पहुंचे थे।

उन्होंने बताया कि आदिवासी बहुल क्षेत्र के ग्रामीण नागरिक गुजरात में एक युवक की मौत को लेकर आक्रोशित थे और उनका आरोप है कि पड़ोसी राज्य की पुलिस ने इस मामले की ठीक से जांच नहीं की।

सिंह ने कहा,‘‘ग्रामीणों को लगा कि गुजरात पुलिस का दल इस मामले में उन्हें गिरफ्तार करने आया है। उन्होंने इस गलतफहमी में गुजरात पुलिस की कार पर पथराव कर दिया।’’

उन्होंने कहा कि पथराव में गुजरात पुलिस के किसी भी कर्मी को चोट नहीं आई, लेकिन उनकी कार के शीशे फूट गए।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पथराव के करीब 20 आरोपियों में से एक को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और पथराव की घटना की विस्तृत जांच जारी है।

गुजरात में पिछले कई साल से शराबबंदी लागू है। मध्यप्रदेश का आलीराजपुर जिला गुजरात सीमा से सटा है जहां तस्करी के जरिये शराब गुजरात भेजे जाने के मामले अक्सर सामने आते रहते हैं।

भाषा हर्ष राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में