मप्र: महिला ने रायसेन अस्पताल के मुख्य द्वार पर बच्ची को जन्म दिया
मप्र: महिला ने रायसेन अस्पताल के मुख्य द्वार पर बच्ची को जन्म दिया
रायसेन (मप्र), 28 फरवरी (भाषा) मध्यप्रदेश के रायसेन में ‘जननी एक्सप्रेस’ एंबुलेंस का एक चालक 28 वर्षीय एक गर्भवती महिला को जिला अस्पताल के मुख्य द्वार पर ही छोड़कर चला गया जिसके बाद महिला ने चिकित्सकीय सुविधा के द्वार पर ही एक बच्ची को जन्म दिया। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
‘जननी एक्सप्रेस योजना’ केंद्र सरकार की योजना है जिसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित प्रसव के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों तक नि:शुल्क परिवहन सुविधा उपलब्ध कराना है।
अधिकारियों के अनुसार, मुन्नी बाई को शुक्रवार और शनिवार की दरम्यानी रात ‘जननी एक्सप्रेस’ वाहन से जिला अस्पताल लाया गया था तथा चालक उसे अस्पताल के मुख्य द्वार पर छोड़कर चला गया।
उन्होंने बताया कि महिला का पति पंजीयन कराने के लिए अस्पताल के भीतर गया था, तभी उसे तेज प्रसव पीड़ा शुरू हुई और उसने देर रात करीब सवा तीन बजे अस्पताल के मुख्य द्वार पर ही बच्ची को जन्म दे दिया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना की सूचना मिलने पर अस्पताल के कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और देर रात करीब 3.20 बजे जच्चा-बच्चा को अस्पताल के भीतर भर्ती कराया। उन्होंने बताया कि दोनों की हालत स्थिर है।
अधिकारियों ने बताया कि यह महिला की तीसरी संतान है और उसकी दो बेटियां पहले से हैं।
जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. यशपाल बाल्यान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गर्भवती महिला को अस्पताल के भीतर पहुंचाना और पंजीयन में सहयोग करना ‘जननी एक्सप्रेस’ चालक की जिम्मेदारी थी।
उन्होंने कहा कि महिला ने अधिकारियों को बताया है कि उसने एंबुलेंस सेवा को कई बार फोन किया और एंबुलेंस देरी से पहुंची तथा चालक ने उसे द्वार पर छोड़ दिया।
डॉ. बाल्यान ने कहा कि एंबुलेंस सेवा संचालित करने वाली निजी कंपनी को चालक के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पत्र लिखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि महिला एवं नवजात शिशु दोनों स्वस्थ हैं और उन्हें निगरानी में रखा गया है।
भाषा सं दिमो सिम्मी
सिम्मी

Facebook


