मप्र : बांध परियोजना में मिट्टी धंसने से श्रमिक की मौत

मप्र : बांध परियोजना में मिट्टी धंसने से श्रमिक की मौत

मप्र : बांध परियोजना में मिट्टी धंसने से श्रमिक की मौत
Modified Date: March 3, 2026 / 07:39 pm IST
Published Date: March 3, 2026 7:39 pm IST

रायसेन, तीन मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में निर्माणाधीन बांध परियोजना स्थल पर पाइपलाइन बिछाने के लिए गड्ढा खोदने के दौरान मिट्टी धंसने से 26 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यह घटना जिला मुख्यालय से लगभग 110 किलोमीटर दूर बरेली क्षेत्र के अंतर्गत चिंकी-बोरास परियोजना के चौरस घाट स्थित बांध क्षेत्र में हुई।

अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) कुबेर सिंह मुकाती ने ’पीटीआई-भाषा’ को बताया कि स्थल पर बड़ी पाइपलाइन बिछाने का काम चल रहा था और जेसीबी मशीन से गड्ढा खोदा जा रहा था। स्थानीय निवासी छोटू नागरिया गड्ढे के अंदर काम कर रहा था।

उन्होंने बताया कि आगे काम कर रहे मजदूरों ने जेसीबी चालक को बार-बार आवाज देकर मिट्टी न हटाने को कहा, क्योंकि छोटू नीचे काम कर रहा था, लेकिन चालक ने खुदाई जारी रखी। दोबारा मिट्टी हटाने पर वह धंस गई और छोटू उसके नीचे दब गया।

मुकाती ने बताया कि करीब आधे घंटे तक वह मिट्टी में दबा रहा। मजदूरों ने मिट्टी हटाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मजदूरों ने आरोप लगाया है कि उन्हें सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे और ठेकेदार ने बिना सुरक्षात्मक साधनों के काम कराया, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

भाषा

सं, दिमो

रवि कांत


लेखक के बारे में