मोहन यादव ने शीर्ष 10 में स्थान हासिल करने के लिए ईशान भटनागर, पक्षल सेक्रेटरी को बधाई दी

मोहन यादव ने शीर्ष 10 में स्थान हासिल करने के लिए ईशान भटनागर, पक्षल सेक्रेटरी को बधाई दी

मोहन यादव ने शीर्ष 10 में स्थान हासिल करने के लिए ईशान भटनागर, पक्षल सेक्रेटरी को बधाई दी
Modified Date: March 6, 2026 / 09:33 pm IST
Published Date: March 6, 2026 9:33 pm IST

भोपाल, छह मार्च (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में शीर्ष 10 में स्थान हासिल करने के लिए भोपाल के ईशान भटनागर और धार जिले के पक्षल सेक्रेटरी को शुक्रवार को बधाई दी।

यादव ने कहा कि नागपुर में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे भटनागर ने पांचवां स्थान हासिल किया है, जबकि पक्षल सेक्रेटरी आठवें स्थान पर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘आज घोषित हुए यूपीएससी परिणाम में मध्यप्रदेश के दो युवाओं का शीर्ष 10 में शामिल होना खुशी की बात है। भोपाल के ईशान भटनागर ने पांचवां और पक्षल ने आठवां स्थान हासिल किया है। उनकी उपलब्धि से राज्य का गौरव देश और दुनिया में बढ़ा है।’’

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सिविल सेवा परीक्षा 2025 के नतीजों ने मध्यप्रदेश को गौरवान्वित किया है।

उन्होंने एक बयान में कहा कि भोपाल जिले के ईशान भटनागर ने देश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है, जबकि धार जिले के बाघ क्षेत्र के पक्षल सेक्रेटरी ने आठवां स्थान हासिल किया है। बाग, सिंघार के विधानसभा क्षेत्र में है।

सिंघार ने अशोकनगर के चितवन जैन, खंडवा से रूपल जायसवाल, नरसिंहपुर से पूजा सोनी, सतना से भूमिका जैन और गुना से देवांगी मीणा सहित सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सफलता राज्य के युवाओं के लिए प्रेरणा है।

भोपाल की अंजनी मिश्रा ने अपने पहले प्रयास में 274वीं रैंक हासिल की। उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि ऐसी सफलता पाने के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है। उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए कई त्याग करने पड़ते हैं। मुझे भी बहुत सी चीजें छोड़नी पड़ीं, लेकिन जब अंतिम मेरिट सूची में अपना नाम दिखाई देता है तो सारी मेहनत सफल हो जाती है।’’

नरसिंहपुर जिले में तेंदूखेड़ा की एसडीएम पूजा सोनी ने 249वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने कहा कि किसी लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की कुंजी है।

सोनी ने कहा, ‘‘मैं अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के आशीर्वाद और निरंतर प्रयासों को देती हूं। यदि हम एकाग्रता, दृढ़ निश्चय और सूझबूझ के साथ किसी लक्ष्य की ओर बढ़ते हैं तो शुरुआत में असफलता मिल सकती है, लेकिन अंततः सफलता अवश्य मिलती है।’’

उन्होंने कहा कि प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाई करना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन लक्ष्य स्पष्ट होने पर थकान महसूस नहीं होती। सोनी इससे पहले मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) परीक्षा में तीसरे स्थान पर रही थीं।

गुना जिले के कुंभराज की देवांगी मीणा ने 236वीं रैंक हासिल की है, जबकि वन विभाग के एसडीओ नीरज निश्छल को 241वीं रैंक मिली है।

मीणा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता लीलाधर मीणा को दिया, जो विजयपुर स्थित नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड संयंत्र में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन आठ घंटे के अनुशासित अध्ययन और सटीक रणनीति से उन्हें यह सफलता मिली।

आयोग के अनुसार कुल 958 अभ्यर्थियों (659 पुरुष और 299 महिलाएं) ने परीक्षा उत्तीर्ण की है और उन्हें विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है, जबकि 348 अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी अस्थायी रखी गई है।

संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा तीन चरणों—प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार—में आयोजित की जाती है, जिसके माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित अन्य सेवाओं के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है।

सिविल सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा 2025 पिछले वर्ष 25 मई को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के लिए कुल 9,37,876 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 5,76,793 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए थे।

भाषा दिमो अमित

अमित


लेखक के बारे में