राज्यसभा चुनाव : मप्र से भाजपा उम्मीदवार तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल ने नामांकन दाखिल किया
राज्यसभा चुनाव : मप्र से भाजपा उम्मीदवार तरुण चुघ, रजनीश अग्रवाल ने नामांकन दाखिल किया
भोपाल, छह जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवारों तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए शनिवार को अपने नामांकन पत्र दाखिल किये।
दोनों उम्मीदवारों ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यहां विधानसभा परिसर में दोपहर बाद नामांकन पत्र दाखिल किए।
मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीट के लिए 18 जून को मतदान होना है, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि नौ जून है।
भाजपा ने द्विवार्षिक चुनाव के लिए चुघ और अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को मैदान में उतारा है।
चुघ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव हैं, जबकि अग्रवाल पार्टी की प्रदेश इकाई के सचिव हैं।
नामांकन दाखिल करने से पहले भाजपा ने भोपाल स्थित अपने प्रदेश मुख्यालय में विधायकों की बैठक आयोजित की।
बैठक में मुख्यमंत्री यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल तथा दोनों राज्यसभा उम्मीदवार मौजूद रहे। इस दौरान नेताओं ने चुनाव संबंधी तैयारियों और संगठनात्मक समन्वय पर चर्चा की।
बैठक के बाद यादव, खंडेलवाल और उम्मीदवारों सहित अन्य नेताओं ने भाजपा कार्यालय परिसर स्थित शिव और हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद नेता 15 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए विधानसभा पहुंचे।
230 सदस्यीय मध्यप्रदेश विधानसभा में भाजपा के 164 विधायक हैं और वह दो सीट आसानी से जीतने की मजबूत स्थिति में है। विधानसभा में कांग्रेस के 64 सदस्य हैं। वहीं, एक सीट भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के पास है तथा एक विधानसभा सीट रिक्त है।
मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर राज्य के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को कहा कि अगर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इस चुनाव के लिए राज्य से तीसरे उम्मीदवार की घोषणा करती है, तो उसे भी जिताने की कोशिश की जाएगी। विजयवर्गीय के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है कि क्या भाजपा राज्यसभा चुनाव में मध्यप्रदेश से तीसरा उम्मीदवार भी मैदान में उतार सकती है?
भाषा दिमो अमित
अमित

Facebook


