राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस विधायकों ने मीनाक्षी नटराजन को समर्थन का भरोसा दिलाया
राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस विधायकों ने मीनाक्षी नटराजन को समर्थन का भरोसा दिलाया
भोपाल, छह जून (भाषा) कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया कि मध्यप्रदेश में उसके विधायक पार्टी की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में एकजुट हैं और उन्होंने 18 जून को होने वाले द्विवार्षिक चुनाव में उनकी जीत को लेकर विश्वास जताया है।
यह दावा शनिवार शाम भोपाल स्थित पार्टी के राज्य मुख्यालय इंदिरा भवन में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक के बाद किया गया।
बैठक में नटराजन के अलावा कांग्रेस के मध्यप्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, वरिष्ठ नेता और विधायक मौजूद थे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और अन्य नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बैठक में शामिल हुए।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उमंग सिंघार ने कहा कि सीएलपी बैठक सकारात्मक और एकजुट माहौल में हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के सभी विधायक मीनाक्षी नटराजन के समर्थन में एकजुट हैं, जिन्हें राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है।’’
पार्टी में किसी प्रकार के मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए सिंघार ने दावा किया कि कांग्रेस विधायक पूरी तरह पार्टी के साथ खड़े हैं।
उन्होंने कहा कि यदि भाजपा तीसरा उम्मीदवार भी उतारती है, तब भी कांग्रेस चुनाव जीतेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने नटराजन को गांधीवादी विचारधारा की मजबूत प्रतिनिधि बताते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें महिला सशक्तीकरण, स्वच्छ राजनीति और जनसेवा के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए नामांकित किया है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और राहुल गांधी के नेतृत्व में जनता का विश्वास बढ़ रहा है तथा लोग संवैधानिक मूल्यों एवं जनकल्याण आधारित राजनीति का समर्थन कर रहे हैं।
पटवारी ने कहा कि राज्यसभा चुनाव केवल एक सीट का मुद्दा नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक सिद्धांतों को मजबूत करने का अवसर है।
मीनाक्षी नटराजन ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राज्य नेतृत्व और विधायकों का उन पर भरोसा जताने के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि उनकी राजनीतिक यात्रा एनएसयूआई (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) से शुरू हुई थी और पार्टी ने उन्हें लोगों की सेवा के कई अवसर दिए हैं।
नटराजन ने कहा कि वह उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान, लोकतांत्रिक संस्थाओं और सामाजिक सद्भाव की रक्षा की आवश्यकता है और वह राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे अभियान में योगदान देंगी।
मध्यप्रदेश की तीन राज्यसभा सीटों के लिए मतदान 18 जून को होगा, जबकि नामांकन की अंतिम तिथि नौ जून है।
सत्तारूढ़ भाजपा ने दो सीटों के लिए तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया है, जिन्होंने शनिवार को नामांकन दाखिल किया।
मीनाक्षी नटराजन ने अभी तक अपना नामांकन दाखिल नहीं किया है।
भाषा
दिमो, रवि कांत रवि कांत

Facebook


