सतना में नेहरू की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास, छह आरोपी गिरफ्तार

सतना में नेहरू की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास, छह आरोपी गिरफ्तार

Modified Date: May 26, 2022 / 12:23 am IST
Published Date: May 26, 2022 12:23 am IST

सतना (मप्र), 25 मई (भाषा) मध्यप्रदेश के सतना शहर में देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास करने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को दी है।

उन्होंने कहा कि यह घटना सतना जिला कलेक्ट्रेट परिसर से महज 50 मीटर की दूरी पर धवारी चौराहे पर मंगलवार शाम को हुई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में धवारी चौराहे पर स्थापित नेहरू की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने का प्रयास असामाजिक तत्वों ने 24 मई की शाम को किया है। इसका एक वीडियो भी आया है, जिसमें वे प्रतिमा के स्टैंड पर चढ़ कर डंडे और हथौड़े मारते नजर आ रहे हैं।

इस दौरान कुछ लोगों के हाथ में भगवा झंडे थे और वे मध्यप्रदेश की भाजपा नीत सरकार के खिलाफ नारे भी लगा रहे थे।

जैन ने कहा कि इस मामले में अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘यह घटना बेहद निंदनीय है। मैं सरकार से मांग करता हूं कि इस पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो। प्रतिमा की सुरक्षा की व्यवस्था हो।’’

भाषा सं रावतरावत रावत धीरज

धीरज


लेखक के बारे में