ठाणे में कूरियर कंपनी के गोदाम से 18 लैपटॉप चोरी
ठाणे में कूरियर कंपनी के गोदाम से 18 लैपटॉप चोरी
ठाणे, दो फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक कूरियर कंपनी के गोदाम से 12.6 लाख रुपये मूल्य के 18 लैपटॉप कथित तौर पर चोरी हो गए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, चेन्नई और बेंगलुरु में पहुंचाने के लिए ये लैपटॉप कूरियर कंपनी को सौंपे गए थे और इसे भिवंडी क्षेत्र स्थित गोदाम में रखा गया था।
नारपोली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि कुछ लोगों ने कथित तौर पर सीलबंद बक्सों को क्षतिग्रस्त कर लैपटॉप निकाल लिए। चोरी को छिपाने के लिए बक्सों में नकली सामान भर दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि चोरी का पता तब चला जब ये लैपटॉप निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचे और बाद में बक्सों की जांच की गई।
उन्होंने कहा, ‘‘जांच में पता चला कि 12,61,730 रुपये मूल्य के 18 लैपटॉप गायब हैं।’’
गोदाम प्रबंधक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने 30 जनवरी को अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हम माल को संभालने में शामिल कूरियर कंपनी के कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रहे हैं और परिवहन एवं आपूर्ति रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।’’
भाषा खारी गोला
गोला

Facebook


