जालना (महाराष्ट्र), 22 फरवरी (भाषा) जर्मनी के 14 विशेषज्ञ चिकित्सकों की एक टीम मुफ्त प्लास्टिक सर्जरी शिविर आयोजित करने के लिए महाराष्ट्र के जालना जिले पहुंची है। पिछले दो दशकों से जारी मानवता आधारित इस परंपरा के तहत अब तक 2,800 से अधिक मरीजों का जीवन बदला जा चुका है।
इस शिविर का 21वां संस्करण शनिवार को मिशन अस्पताल में शुरू हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य कटे होंठ की जन्मजात समस्या और जलने के कारण होने वाली शारीरिक विकृतियों को ठीक करना है।
यह संयुक्त पहल ‘रोटरी क्लब ऑफ जालना’, ‘बॉम्बे मिडटाउन’ और ‘‘जर्मन रोटरी वालंटियर डॉक्टर्स’ के सहयोग से शुरू की गई है।
शिविर का उद्घाटन करते हुए माहिको के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक राजेंद्र बारवाले ने चिकित्सकों की टीम की सेवा भावना की सराहना की।
उन्होंने कहा, ‘सर्जरी के बाद विकृतियों से जूझ रहे मरीज समाज में सम्मान के साथ जी सकते हैं। यही इस पहल की सबसे बड़ी सफलता है।’
जर्मन टीम के सदस्य डॉ. गेरहार्ड के. श्लोसर ने बताया कि उनकी टीम पिछले 21 वर्षों से जालना आ रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे लिए जालना सिर्फ एक जगह नहीं, बल्कि दोस्ती और भरोसे का प्रतीक बन गया है। सर्जरी के बाद बच्चों के चेहरों पर आने वाली मुस्कान ही हमारा असली इनाम है।’’
रोटरी क्लब जालना के अध्यक्ष वर्षा पीटी ने बताया कि इस वर्ष न केवल महाराष्ट्र बल्कि देश के विभिन्न हिस्सों से मरीज यहां पहुंचे हैं।
उन्होंने बताया कि यह शिविर तीन मार्च तक जारी रहेगा।
भाषा
प्रचेता संतोष
संतोष