अबू धाबी परीक्षा केंद्र विवाद के बीच नागपुर में पुनर्परीक्षा में शामिल हुआ छात्र
अबू धाबी परीक्षा केंद्र विवाद के बीच नागपुर में पुनर्परीक्षा में शामिल हुआ छात्र
नागपुर, 21 जून (भाषा) राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा परीक्षा केंद्र में संशोधन किए जाने के बाद स्थानीय छात्र अब्दुल्ला तालिब ने रविवार को नीट-यूजी पुनर्परीक्षा में हिस्सा लिया। उसे पहले अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया था, जिसे बाद में बदलकर नागपुर कर दिया गया।
अभ्यर्थी अब्दुल्ला तालिब ने अजनी क्षेत्र के एक स्कूल में पुनर्परीक्षा दी।
अब्दुल्ला के पिता मोहम्मद तालिब ने पीटीआई-भाषा से कहा कि उनका बेटा तनाव में था और परीक्षा में शामिल नहीं होना चाहता था।
उन्होंने कहा, ‘‘समझाने बुझाने के बाद वह परीक्षा में शामिल हुआ।’’
मोहम्मद तालिब ने अपने बेटे के हवाले से कहा कि प्रश्नपत्र पहले वाली परीक्षा की तुलना में अधिक कठिन था।
एक दिन पहले तालिब परिवार ने दावा किया था कि अभ्यर्थी को अबू धाबी में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया था, जबकि एनटीए का कहना था कि छात्र ने स्वयं उस केंद्र का चयन किया था। बाद में छात्र के अनुरोध पर उसे नागपुर में परीक्षा केंद्र आवंटित किया गया।
प्रश्नपत्र लीक होने के कारण तीन मई को आयोजित मूल परीक्षा रद्द किए जाने के बाद रविवार को लाखों मेडिकल अभ्यर्थी नीट (यूजी) की पुनर्परीक्षा में शामिल हुए।
अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा भारत के 551 शहरों में 5,440 केंद्रों और विदेश के 14 केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा के दौरान 95,000 परीक्षा कक्षों की निगरानी के लिए 1.38 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे।
भाषा
राखी नरेश
नरेश

Facebook


