फोन पर आखिरी बातचीत के बाद छाया सन्नाटा, नेपाल बाढ़ में लापता बेटे का इंतजार कर रहा ठाणे का परिवार
फोन पर आखिरी बातचीत के बाद छाया सन्नाटा, नेपाल बाढ़ में लापता बेटे का इंतजार कर रहा ठाणे का परिवार
ठाणे, 29 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले में रह रहे एक परिवार में पिता के कानों में अपने 28-वर्षीय बेटे से फोन पर हुई आखिरी बाचतीत की आवाज गूंज रही है और उन्हें कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू करने से पहले बेटे के उत्साह की याद दिला रही है। इसके कुछ ही घंटों बाद नेपाल में आई अचानक बाढ़ के कारण उनका बेटे से संपर्क टूट गया।
कल्याण निवासी अभिषेक घोने एक यात्रा बुकिंग पोर्टल में काम करते हैं और 24 अगस्त को काठमांडू के लिए रवाना हुए थे। मंगलवार देर रात उन्होंने घर फोन कर परिवार को बताया था कि उनका समूह अगली सुबह यात्रा शुरू करेगा। इसके कुछ ही घंटे बाद बुधवार को मध्य नेपाल के रसुवा और अन्य इलाकों में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचायी और उनका परिवार से संपर्क टूट गया।
अभिषेक के परेशान पिता ने शनिवार को कहा कि परिवार ने अधिकारियों से संपर्क किया है, लेकिन अबतक उन्हें कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।
उन्होंने बताया कि जवाब पाने की कोशिश में अभिषेक के एक दोस्त ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित उपकरणों की मदद से उनके स्थित होने की जगह का पता लगाने की कोशिश की, जिसमें संकेत मिला कि वह किसी सुरक्षित स्थान पर हो सकते हैं। हालांकि, परिवार इस अपुष्ट जानकारी पर पूरी तरह भरोसा नहीं कर रहा है।
अभिषेक के पिता ने कहा, ‘‘मेरे बेटे ने इस तीर्थयात्रा की लंबे समय से योजना बनाई थी और वह इसे लेकर उत्साहित था।’’ उन्होंने उस दर्दनाक सन्नाटे का भी जिक्र किया, जो बेटे से उनकी आखिरी बातचीत के बाद से छाया हुआ है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार देर रात अभिषेक ने फोन कर कहा था कि उनका समूह अगले दिन सुबह जल्दी यात्रा के लिए निकल जाएगा, लेकिन उसके बाद से परिवार की उससे कोई बात नहीं हुई है।
उन्होंने कहा, ‘हमें उसके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है और हम बेहद चिंतित हैं। हमने अधिकारियों से संपर्क किया है, लेकिन अभी तक उनकी ओर से कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है।’
खबरों के अनुसार, नेपाल में आई अचानक बाढ़ के बाद कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र के चार लोग लापता बताए जा रहे हैं।
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


