अली फज़ल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु की ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के टीज़र में वापसी
अली फज़ल, पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु की ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के टीज़र में वापसी
मुंबई, 25 जून (भाषा) बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के निर्माताओं ने बृहस्पतिवार को इसका टीज़र जारी कर दिया है जिसमें अली फज़ल और पंकज त्रिपाठी अभिनीत लोकप्रिय अपराध-नाटक श्रृंखला के बड़े पर्दे पर विस्तार की झलक दिखाई गई है।
यह फिल्म ‘मिर्जापुर’ श्रृंखला की बड़े पर्दे पर पहली प्रस्तुति है। यह श्रृंखला 2018 में ओटीटी मंच पर शुरू हुई थी और आगे चलकर भारत की सबसे सफल ओटीटी फ्रेंचाइजी में से एक बन गई थी।
दो मिनट से अधिक लंबे इस टीज़र में मिर्जापुर की ‘अराजक दुनिया’ की वापसी दिखाई गई है, जहां गोलियों की बौछार, विश्वासघात और खूनी रंजिशों के बीच सत्ता की जंग जारी रहती है।
यह फिल्म वर्ष 2018 की पृष्ठभूमि पर आधारित है और इसमें श्रृंखला के पहले सीज़न से जुड़े एक अनकहे अध्याय की कहानी दिखाए जाने के संकेत दिए गए हैं।
इसके बाद टीज़र में प्रशंसकों के पसंदीदा किरदारों की पहली झलक दिखाई जाती है, जिनमें गुड्डू पंडित (अली फज़ल), कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी) और मुन्ना त्रिपाठी (दिव्येंदु) शामिल हैं।
टीज़र में अभिनेता जितेंद्र कुमार भी नजर आते हैं। वह बबलू पंडित की भूमिका निभा रहे हैं, जो गुड्डू पंडित के भाई हैं और पहले सीज़न के अंत में उनकी हत्या कर दी गई थी।
फिल्म के कलाकारों में अभिनेता-राजनेता रवि किशन को भी शामिल किया गया है। टीजर में वह कथित तौर पर खलनायक की भूमिका में नजर आ रहे हैं। टीज़र में गोलियां चलाते हुए उनके कई दमदार दृश्य दिखाए गए हैं।
फिल्म में पूर्वांचल के माहौल को बरकरार रखते हुए कहानी का विस्तार राजस्थान तक किया गया है, जहां विशाल रेगिस्तान और भव्य एक्शन दृश्यों की झलक देखने को मिलती है।
फिल्म में वापसी करने वाले कलाकारों में अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रीया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल एस चौहान भी शामिल हैं।
फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि इसकी पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है।
फिल्म का निर्माण रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी सह-निर्माता के रूप में जुड़े हैं।
मिर्जापुर: द मूवी को अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहे हैं। यह फिल्म चार सितंबर को हिंदी और तेलुगु भाषा में सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


