आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष के समाधान के लिए ‘हनुमान’ परियोजना शुरू की
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ने मानव-वन्यजीव संघर्ष के समाधान के लिए ‘हनुमान’ परियोजना शुरू की
अमरावती, तीन मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने मंगलवार को राज्य भर में मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने तथा पशुधन और जंगलों के संरक्षण के लिए ‘हनुमान’ परियोजना की शुरुआत की।
मंगलागिरी स्थित आंध्र प्रदेश विशेष पुलिस (एपीएसपी) की छठी बटालियन के परेड ग्राउंड में उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने वन्यजीवों की चिकित्सा सहायता के लिए एम्बुलेंस सहित 100 त्वरित प्रतिक्रिया और बचाव वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
उन्होंने कहा, ‘‘मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने और राज्य भर में जीवन, पशुधन और जंगलों की रक्षा के लिए हनुमान परियोजना शुरू की गई है।’’
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भारत ‘‘वसुधैव कुटुंबकम’’ में विश्वास रखता है, जिसका अर्थ है कि विश्व एक परिवार है। उन्होंने कहा कि पारिस्थितिक संतुलन और वन्यजीव संरक्षण मानव अस्तित्व के लिए महत्वपूर्ण हैं।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि फसलों को नुकसान, पशुधन की हानि और मानव सुरक्षा को बढ़ते खतरों को देखते हुए सरकार ने ‘हनुमान’ (वन्यजीवों की निगरानी, सहायता और देखभाल के लिए उपचार और पोषण इकाइयां) परियोजना शुरू की है।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत, राज्य भर में 93 त्वरित प्रतिक्रिया वाहन, सात एम्बुलेंस, 19 बचाव दल और चार वन्यजीव बचाव एवं उपचार केंद्र स्थापित किए गए हैं।
भाषा
शफीक नरेश
नरेश

Facebook


