बाबा सिद्दीकी हत्याकांड: अनमोल बिश्नोई की हिरासत को लेकर परिजन पहुंचे अदालत
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड: अनमोल बिश्नोई की हिरासत को लेकर परिजन पहुंचे अदालत
मुंबई, तीन जुलाई (भाषा) बाबा सिद्दीकी के परिजनों ने शुक्रवार को यहां एक विशेष अदालत में अर्जी दाखिल करके पुलिस को यह निर्देश देने का अनुरोध किया कि वे राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के नेता (सिद्दीकी) की हत्या के मामले में वांछित आरोपी अनमोल बिश्नोई को हिरासत में ले।
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री सिद्दीकी (66) की 12 अक्टूबर, 2024 की रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में उनके बेटे जीशान सिद्दीकी के कार्यालय के बाहर तीन हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल को पिछले साल नवंबर में अमेरिका से भारत लाया गया था और बाद में राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। वह अभी नयी दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद है।
सिद्दीकी की बेटी शहजीन जियाउद्दीन सिद्दीकी की तरफ से दाखिल अर्जी में आरोप लगाया गया है कि पुलिस ‘बाहरी दबाव’ के कारण अनमोल बिश्नोई को हिरासत में लेने से बच रही है।
अर्जी में कहा गया है कि दखल देने वाले पक्ष (सिद्दीकी परिवार) को भरोसा है कि अनमोल बिश्नोई से पूछताछ करने पर उन लोगों के नाम सामने आएंगे और पता चलेगा कि किसके कहने पर उसने दूसरे आरोपियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
वकील प्रदीप घरात और त्रिवनकुमार करनानी के जरिए दाखिल अर्जी में कहा गया है,‘‘बाहरी दबाव की वजह से जांच एजेंसी नहीं चाहती कि उनके नाम सामने आएं, इसलिए वे बिश्नोई को हिरासत में लेने से बच रहे हैं।’’
अदालत ने मामले की अगली सुनवाई की तारीख 10 जुलाई तय की है। अनमोल मुंबई में बांद्रा स्थित अभिनेता सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी के मामले में भी वांछित है।
भाषा संतोष दिलीप
दिलीप

Facebook


