प. एशिया संघर्ष: फडणवीस ने कहा- केंद्र ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहा
प. एशिया संघर्ष: फडणवीस ने कहा- केंद्र ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठा रहा
मुंबई, नौ मार्च (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने सोमवार को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के बीच ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने और आवश्यक संसाधनों की किसी भी कमी को रोकने के लिए पर्याप्त कदम उठा रही है।
फडणवीस ने यहां विधानभवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि केंद्र सक्रिय रूप से ऊर्जा स्रोतों का प्रबंधन कर रहा है और दुनिया के घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रख रहा है।
संभावित ईंधन की कमी के बारे में एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘सभी प्रकार के उपाय किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी चीज की कमी न हो। किसी को भी अफवाहें नहीं फैलानी चाहिए या अफवाहों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। अगर हम अफवाहों के आधार पर जमाखोरी करना शुरू कर देंगे, तो स्थिति सभी के लिए खराब हो जाएगी, क्योंकि इससे मांग और आपूर्ति शृंखला गड़बड़ा जाएगी।’’
इराक, कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात ने अपने तेल उत्पादन में कटौती की है, जबकि ईरान, इजराइल और अमेरिका ने इस महीने की शुरुआत में पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से तेल और गैस सुविधाओं पर हमला किया है, जिससे आपूर्ति संबंधी चिंताएं बढ़ गई हैं।
कच्चे तेल की कीमतें सोमवार को 26 प्रतिशत अधिक बढ़कर 10,549 रुपये प्रति बैरल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ‘शुल्क युद्ध’ छिड़ गया, तो भारत पीछे नहीं हटा, बल्कि अपनी संप्रभुता का दावा करते हुए विभिन्न देशों के साथ व्यापार समझौतों को आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्थिति को प्रभावी ढंग से संभाला और वह देश के हितों की रक्षा के लिए उचित स्तर पर बातचीत करते रहे।
भाषा तान्या सुरेश
सुरेश

Facebook


