सीजेपी दर्शाती है कि जेनजेड का अधिकतर विपक्षी दलों से उठ रहा है भरोसा: प्रियंका चतुर्वेदी
सीजेपी दर्शाती है कि जेनजेड का अधिकतर विपक्षी दलों से उठ रहा है भरोसा: प्रियंका चतुर्वेदी
(फाइल फोटो के साथ)
मुंबई, 21 मई (भाषा) शिवसेना (उबाठा) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) का युवा पीढ़ी की कल्पना पर काबिज हो जाना, वर्तमान विपक्षी दलों में से अधिकतर में उनकी उम्मीद खो जाने का एक दुखद प्रतिबिंब है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि युवा मतदाताओं के बारे में ‘पुनर्विचार और पुनर्कल्पना’ करने की आवश्यकता है।
चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘सोशल मीडिया पर बनी सीजेपी की छवि ने जेनजेड की कल्पना को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है, जो इस बात का दुखद प्रमाण है कि वे अधिकतर वर्तमान विपक्षी दलों में अपनी उम्मीद खो रहे हैं।’’
पूर्व राज्यसभा सदस्य चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘भाजपा के खिलाफ स्पष्ट रूप से आक्रोश है, लेकिन मतदाताओं का स्थापित विपक्षी दलों के बजाय एक काल्पनिक नवगठित दल पर दांव लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। हमें वास्तव में युवा मतदाताओं के बारे में पुनर्विचार और पुनर्कल्पना करने की आवश्यकता है, यह हमारा कर्तव्य है और भारत के भविष्य के प्रति भी।’’
डिजिटल मंच पर सृजित कॉकरोच जनता पार्टी एक व्यंग्यात्मक संगठन है जो पिछले सप्ताह सामने आया । उसने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी। उसकी स्थापना अभिजीत दिपके ने की है।
यह अकाउंट प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत द्वारा एक वकील को फटकार लगाते हुए ‘परजीवी’ और ‘तिलचट्टे (कॉकरोच)’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने से जुड़े विवाद के बाद अस्तित्व में आया। इस वकील ने वरिष्ठ पद का अनुरोध करते हुए याचिका दायर की थी।
प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया तथा उनकी टिप्पणी विशेषकर ऐसे लोगों पर केंद्रित थी जो ‘फर्जी एवं जाली’ डिग्रियों के साथ कानूनी पेशे में कदम रखते हैं।
बृहस्पतिवार को भारत में सीजेपी के ‘एक्स’ अकाउंट को प्रतिबंधित कर दिया गया। इसके तुरंत बाद, ‘कॉकरोच इज़ बैक’ नाम से एक नया हैंडल सामने आया, जिसका टैगलाइन था ‘तिलचट्टे मरते नहीं।’
भाषा राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


