पालघर में टेम्पो और ट्रक की टक्कर के मामले में दोनों वाहन चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पालघर में टेम्पो और ट्रक की टक्कर के मामले में दोनों वाहन चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पालघर में टेम्पो और ट्रक की टक्कर के मामले में दोनों वाहन चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
Modified Date: May 20, 2026 / 12:57 am IST
Published Date: May 20, 2026 12:57 am IST

पालघर, 19 मई (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में सड़क दुर्घटना में 13 लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने उस टेम्पो चालक को हिरासत में ले लिया, जिसकी एक ट्रक से टक्कर हो गई थी। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन के आरोप में दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

जिला सिविल सर्जन डॉ. रामदास मराड ने बताया कि फिलहाल 17 घायल व्यक्तियों का इलाज किया जा रहा है।

अधिकारियों ने बताया कि सरकार घायलों का पूरा चिकित्सा खर्च वहन करेगी और दुर्घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिजन की दीर्घकालिक जरूरतों का भी ख्याल रखेगी।

मृतकों के परिजन आदिवासी समुदाय से हैं।

पालघर जिले में सोमवार को सगाई समारोह में जा रहे मेहमानों से भरा एक टेम्पो मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक से टकरा गया था। सोमवार शाम करीब चार बजे हुई इस घटना के समय टेम्पो में लगभग 30-40 लोग सवार थे।

पालघर जिले के प्रभारी मंत्री गणेश नाईक ने मंगलवार देर रात घटना स्थल का दौरा किया।

मंत्री ने कहा कि मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर बहुत यातायात होता है और टेम्पो चालक ने यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए वाहन को गलत दिशा में मोड़ दिया, जिसकी वजह से यह घातक दुर्घटना हुई।

कासा थाने के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि ट्रक और टेम्पो दोनों के चालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और मोटर वाहन (एमवी) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने 45 वर्षीय टेम्पो चालक को हिरासत में लिया है और घायल ट्रक चालक का पुलिस की निगरानी में इलाज किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है।

भाषा यासिर जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में