पुणे में वर्षा: बाढ़ के कारण आलंदी का संपर्क कटा, वरकारियों से यात्रा स्थगित करने की अपील
पुणे में वर्षा: बाढ़ के कारण आलंदी का संपर्क कटा, वरकारियों से यात्रा स्थगित करने की अपील
पुणे (महाराष्ट्र), छह जुलाई (भाषा) इंद्रायणी नदी में ऊफान के चलते आलंदी तक जाने वाले मार्ग के चारों पुल जलमग्न हो जाने के मद्देनजर पुणे ज़िला प्रशासन ने सोमवार को वरकारियों और श्रद्धालुओं से संत ज्ञानेश्वर महाराज की आगामी पालखी यात्रा में शामिल होने के लिए यहां नहीं आने की अपील की है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को पुणे के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है और जिले में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
आठ जुलाई को निकलने वाले पालखी जुलूस के लिए हजारों श्रद्धालुओं के शहर पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में अधिकारियों ने शहर को अगम्य घोषित कर दिया है और अपील की है कि जो लोग पहले से ही रास्ते में हैं, वे बाढ़ के मद्देनजर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यात्रा तत्काल रोक दें।
प्रशासन ने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘ इंद्रायणी नदी पर बने जिन चारों पुलों के माध्यम से आलंदी तक पहुंचा जा सकता है, वे बाढ़ के कारण डूब गए हैं। फिलहाल इस शहर की यात्रा करना सुरक्षित नहीं है।’’
उसने यात्रा के लिए निकल चुके वरकारियों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपनी मौजूदा जगहों पर ही रुक जाएं और अगले आदेश तक शहर में प्रवेश न करें।
प्रशासन ने लोगों से यह भी अपील की कि वे अफ़वाहों पर विश्वास न करें और स्थानीय अधिकारियों, पुलिस तथा आपदा प्रबंधन सेल द्वारा जारी किये गये निर्देशों का सख्ती से पालन करें।
सोमवार को पुणे ज़िले और आस-पास के इलाकों में ज़ोरदार बारिश हुई, जिससे मावल तहसील में भूस्खलन हुआ और मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित हुआ।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश

Facebook


