सीबीएफसी के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन
सीबीएफसी के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन
मुंबई, चार जून (भाषा) बॉलीवुड के अनुभवी फिल्म निर्माता और केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी का निधन हो गया। निहलानी के मित्र शशि रंजन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
वह 76 वर्ष के थे।
पहलाज निलहानी का जन्ह 10 जनवरी, 1950 को हुआ था। उन्होंने फिल्म निर्माता के तौर अपने करियर की शुरुआत 1982 में आई फ़िल्म ‘हथकड़ी’ से की थी।
उन्हें 1986 में आई फिल्म ‘इल्ज़ाम’ के जरिए अभिनेता गोविंदा को पहला बड़ा मौका देने का श्रेय दिया जाता है। उन्होंने 1987 की फिल्म ‘आग ही आग’ के माध्यम से अभिनेता चंकी पांडे को भी फिल्मों में कदम रखने का मौका किया।
निलहानी की फिल्मों में ‘शोला और शबनम’, ‘आंखें’, ‘दिल तेरा दीवाना’, ‘तलाश’ और ‘रंगीला राजा’ शामिल हैं।
जनवरी 2015 में निहलानी को सीबीएफसी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल अगस्त 2017 तक रहा। इस दौरान फिल्मों में किसी दृश्य को हटाने, अस्वीकरण तथा प्रमाणन संबंधी फैसलों को लेकर फिल्मकारों के साथ उनकी बार-बार टकराव की स्थिति बनी रहती थी।
अपने कार्यकाल के दौरान, उन्होंने कुछ सख्त नए दिशा-निर्देश लागू किए, जिनके तहत ‘ए’ रेटेड फ़िल्मों में भी कुछ अपशब्दों के इस्तेमाल पर रोक लगा दी गई। साथ ही, उन्होंने ऐसी सामग्री को भी प्रतिबंधित करने का प्रयास किया जिसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला या हिंसा को दर्शाने वाला माना जा सकता था।
फिल्म जगत के आलोचकों ने अक्सर उन पर अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर काम करने का आरोप लगाया, जबकि उनका तर्क था कि वह केवल अपना काम कर रहे हैं।
सीबीएफसी के वर्तमान अध्यक्ष शशि शेखर वेम्पति ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
उन्होंने लिखा, ‘सीबीएफसी के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी के निधन पर पूरे सीबीएफसी परिवार की ओर से हार्दिक संवेदना।’
निहलानी के परिवार में उनकी पत्नी नीता निहलानी और तीन बेटे हैं।
भाषा प्रचेता वैभव
वैभव

Facebook


